NEWS PR डेस्क :बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के मंत्री संजय सिंह ने महुआ क्षेत्र के दौरे के क्रम में विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने महुआ काली घाट पहुंचकर जिले के संबंधित पदाधिकारियों के साथ महुआ घाट, छतवारा घाट एवं तरौरा पोखर (वार्ड संख्या-04) सहित विभिन्न प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री संजय सिंह ने घाटों की साफ-सफाई, स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से घाटों पर की जा रही तैयारियों की जानकारी ली तथा आवश्यक व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करने का निर्देश दिया।
मंत्री संजय सिंह ने कहा कि छठ महापर्व बिहार की लोक आस्था, संस्कृति एवं परंपरा का महान पर्व है। इस महापर्व में लाखों श्रद्धालु पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। ऐसे में छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करना प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को दुरुस्त रखा जाए तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक इंतजाम किए जाएं। साथ ही घाटों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
मंत्री संजय सिंह ने स्पष्ट कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित पदाधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें और तैयारियों की लगातार निगरानी करें, ताकि छठव्रती माताओं-बहनों एवं श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण मिल सके।
उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं को बेहतर बनाना और आम लोगों की अपेक्षाओं के अनुरूप व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। छठ महापर्व जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर प्रशासन की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इसलिए सभी आवश्यक कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए।
