झारखंड के रहने वाले डकैत बाप-बेटे को पुलिस ने किया गिरफ्तार, साढ़े चार लाख का सोना हुआ बरामद

Sanjeev Shrivastava

NEWSPR डेस्क। झारखंड के रहने वाले डकैत बाप-बेटे को पटना पुलिस की टीम ने गिरफ्तार किया है। साहेबगंज के रहने वाले दोनों बाप-बेटों के पास से करीब साढ़े चार लाख रुपए की लूट का सोना भी बरामद किया गया है। गिरफ्तार किए गए बाप का नाम सुबराती शेख और उसके बेटे का नाम अब्दुल हाकिम है। इन दोनों को राजधानी के कोतवाली थाने की पुलिस ने हाईकोर्ट मजार के पास से गुरुवार को गिरफ्तार किया। इन दोनों ही अपराधियों की तलाश दिल्ली पुलिस को थी।

दरअसल, 14 जनवरी को दिल्ली के मौर्या इनक्लेव थाना इलाके में एक बड़े ज्वेलरी शॉप को नकाबपोश अपराधियों ने निशाना बनाया था। सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर 7 अपराधियों ने ज्वेलरी शॉप में डकैती की थी। वहां से 8 किलो से अधिक का सोना लूट लिया था। वारदात के बाद से ही दिल्ली पुलिस अपराधियों की खोज में लगी हुई थी। इस कांड में शामिल कुल 7 अपराधियों को दिल्ली की पुलिस पहले ही अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार कर चुकी है।

इनमें सुबराती शेख की पत्नी और अब्दुल हाकिम की मां भी शामिल है। डकैती के बाद सभी अपराधियों के बीच लूटे गए सोना का बंटवारा हुआ था। बाप-बेटे के हिस्से में जो सोना आया, उसे लेकर ये दोनों दिल्ली के प्रह्लादपुर में सबा डेयरी रोहिणी इलाके में गए। वहीं पर इनका अस्थायी घर है।

वहां पहुंचने के बाद बंटवारा में मिले सोने का कुछ हिस्सा सुबराती शेख ने अपनी पत्नी के पास रख दिया था। इसके बाद ये दोनों दिल्ली से फरार हो गए। वहां की पुलिस को जब इनका लोकेशन बिहार मिला तो उन्होंने पटना पुलिस से कांटैक्ट किया। दोनों बाप-बेटे का हुलिया बताया।

इसी आधार पर कोतवाली थानेदार सुनील कुमार सिंह और उनकी टीम ने दोनों को धर दबोचा। पकड़े जाने के बाद बाप-बेटे के पास से सोने की 4-4 चूड़ियां बरामद हुईं। थाना लाकर दोनों से पूछताछ की गई। इसके बाद दिल्ली पुलिस को सूचना दी गई और उनकी टीम भी आज पटना आ गई। कोर्ट में पेशी के बाद दोनों अपराधियों को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया गया है।

डकैतों के इस गैंग के मुख्य सरगना को झारखंड के हजारीबाग में RPF की टीम ने बीते शुक्रवार रात को पकड़ा था। पीटू शेख इस गैंग का मुख्य सरगना है। अपने एक साथी के साथ वह कालका मेल में सफर कर रहा था। दोनों की संदिग्ध स्थिति को देख हजारीबगाग में RPF की टीम उनके पीछे पड़ गई थी।

खुद को बचाने के लिए ये दोनों अपराधी ट्रेन से उतरकर रेलवे कॉलोनी की तरफ भागने लगे थे। उसी बीच RPF ने घेर कर दोनों को पकड़ लिया था। इनके पास से बरामद बैग की तलाशी ली गई तो दिल्ली से लूटा गया 1 किलो 800 ग्राम सोना बरामद हुआ। जिसकी कीमत 86 लाख 40 हजार रुपए थी।

पटना से विक्रांत की रिपोर्ट…

Share This Article