झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ओडिशा के पैतृक गांव गईं, CM हेमंत सोरेन ने किया विदा

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। रांची : झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू आज सोमवार को हेलीकॉप्टर से ओडिशा चली गईं। इससे पहले रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राज्यपाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, उनकी पत्नी कल्पना सोरेन, मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी नीरज सिन्हा समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे। इधर, झारखंड के नये राज्यपाल रमेश बैस 13 जुलाई की शाम लगभग चार बजे रांची आयेंगे।
झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू का घर ओडिशा के मयूरभंज जिला अंतर्गत राइरंगपुर बैदापोशी, वार्ड नंबर 02 में है। वे 18 मई 2015 को झारखंड की पहली महिला राज्यपाल और झारखंड की नौवें राज्यपाल बनीं। पांच साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी कोविड- 19 की परिस्थितियों को देखते हुए राष्ट्रपति की ओर से उन्हें विस्तार दिया गया था। श्रीमती मूर्मू ने झारखंड में छह वर्ष 54 दिनों तक राज्यपाल के रूप में कार्य किया।

झारखंड के नये राज्यपाल रमेश बैस 13 जुलाई की शाम लगभग चार बजे रांची आयेंगे और 14 जुलाई की दोपहर 1:20 बजे झारखंड के 10वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। उन्हें झारखंड हाइकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति रवि रंजन राजभवन परिसर में ही शपथ दिलायेंगे। 74 वर्षीय रमेश बैस मूल रूप से छत्तीसगढ़ रायपुर के रविनगर में रहनेवाले हैं और वर्तमान में त्रिपुरा के राज्यपाल हैं।

Share This Article