अररिया में विशेष टीकाकरण अभियान की सफलता पर जिलाधिकारी ने जताई खुशी, टीकाकरण की मुहिम से जुटे तमाम विभागीय अधिकारियों को दी बधाई

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। अररिया में गुरुवार को संचालित विशेष टीकाकरण अभियान बेहद सफल साबित हुआ। इससे जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महकमा उत्साहित है। मतदाता सूची के आधार पर तैयार किए गए रिपोर्ट  अनुसार टीका से वंचितों को टीकाकृत किये जाने का प्रशासनिक प्रयास अप्रत्याशित रूप से सफल रहा। इसे टीकाकरण अभियान की सफलता में जुटे तमाम अधिकारी व कर्मियों के उत्साहवर्द्धन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अभियान की सफलता से उत्साहित प्रशासनिक व स्वास्थ्य महकमा जल्द ही जिले में शतप्रतिशत लोगों की टीकाकरण की उम्मीद बांधें हैं।

अंतिम व्यक्ति के टीकाकरण तक हमें जारी रखना होगा अपना प्रयास

जिलाधिकारी प्रशांत कुमार सीएच ने अभियान की सफलता पर संतोष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इसके लिये टीकाकरण की मुहिम से जुटे तमाम विभागीय अधिकारी व कर्मी बधाई के पात्र हैं। सामूहिक प्रयास से ही बेहतर नतीजे हासिल किये जा सकते हैं। अभी संक्रमण के फैलाव का खतरा बरकरार है। खास कर दीपावली व छठ महापर्व को देखते हुए विशेष एहतियात बरतने की जरूरत है। संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के आखिरी व्यक्ति के टीकाकृत होने तक हमें अपना प्रयास जारी रखना होगा। ताकि इस महामारी को करारी शिकस्त दी जा सके।

निरंतर निर्धारित लक्ष्य की तरफ अग्रसर है अभियान

अभियान से जुड़ी उपलब्धि का जिक्र करते हुए सिविल सर्जन डॉ एमपी गुप्ता ने कहा कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में तैयार रणनीति अभियान की सफलता में मददगार साबित हुआ। अभियान के तहत कुल 74, 500 लोगों को कोरोना का टीका लगाया जा सका है। इसमें 28, 238 लोगों को टीका का पहला व 46, 262 लोगों को टीका का दूसरा डोज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिले में संचालित टीकाकरण अभियान निरंतर अपने निर्धारित लक्ष्य की ओर अग्रसर है। अब तक जिले में कुल 15.41 लाख लोगों को टीका का निर्धारित डोज लगाया गया है। इसमें 11.42 लाख लोगों को टीका का पहला व 3.60 हजार लोगों को टीका का दूसरा डोज दिया जा चुका है।

टीकाकरण के मामले में अव्वल रहा अररिया प्रखंड

जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ मोईज ने कहा कि टीकाकरण के मामले में अररिया प्रखंड अव्वल रहा। जहां दोनों डोज मिलाकर 17,010 लोगों को टीका लगाया गया। वहीं 12,750 लोगों को टीका लगा कर मामले में रानीगंज प्रखंड दूसरे स्थान पर रहा। फारबिसगंज 10,030 लोगों को टीका लगा कर तीसरे स्थान पर है। वहीं भरगामा में 7,997, जोकीहाट में 5,352, कुर्साकांटा में 4,340, नरपतगंज में 6,711, पलासी प्रखंड में 5182, सिकटी में 5040 लोगों को कोरोना को टीका लगाये जाने संबंधी जानकारी उन्होंने दी।

अररिया से रविराज की रिपोर्ट

Share This Article