निमकी मुखिया सीरियल के ‘तेतर सिंह’ गिरफ्तार, पहली पत्नी के रहते की दूसरी शादी, बेटा बोला- मां के साथ बहुत ज्यादती की

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। चर्चित टीवी सीरियल निमकी मुखिया में तेतर सिंह का किरदार निभाने वाले एक्टर विजय कुमार को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें पकड़ने के लिए शुक्रवार को महिला थाना की पुलिस नौबतपुर के छोटकी कोपा गांव गई थी। विजय कुमार इसी गांव के मूल निवासी हैं। कुछ दिन पहले ही वो मुंबई से पटना आए हुए थे। वे अपने गांव में रह रहे थे।

विजय कुमार मूल रूप से पटना के नौबतपुर के रहने वाले हैं। उनकी शादी वर्ष 1989 में पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र के टेक्स्ट बुक कालोनी निवासी निलिमा कुमारी से हुई थी। उनके दो बच्चे भी हैं। पत्नी के मुताबिक शुरुआत के दिनों में उनका दांपत्य जीवन अच्छा चल रहा था। इसी बीच विजय का दिल्ली स्थित नेशनल स्कूल आफ ड्रामा में दाखिला मिल गया। वहां से पास होते ही वह मुंबई चले गए और वहां वे टीवी सीरियल में काम करने लगे। निलिमा कुमारी का आरोप है कि मुंबई में रहने के दौरान विजय कुमार ने वर्ष 2016 में अभिनेत्री गीता त्यागी से शादी कर ली। इस बात का पता चलने पर निलिमा जब पिता के साथ मुंबई गई तो वहां विजय कुमार ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था। निलिमा के मुताबिक, विजय कुमार ने उन्होंने तलाक दिए बगैर दूसरी शादी की। वहीं, उन्हें किसी प्रकार की आर्थिक सहायता तक नहीं दी गई। पीड़िता ने वर्ष 2020 में पति के खिलाफ महिला थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था।

पंचायत चुनाव में विजय कुमार के छोटे भाई विनय कुमार मुखिया पद के उम्मीदवार थे। एक्टर विजय कुमार अपने भाई के लिए प्रचार-प्रसार करने आए थे। इनके साथ इनकी दूसरी पत्नी व एक्ट्रेस गीता त्यागी और उनके दोनों बच्चे भी आए हुए हैं। इस बात की जानकारी पहली पत्नी नीलिमा कुमारी और उनके बेटों को हुई। इसके बाद महिला थाना की पुलिस को खबर किया। तब पटना से महिला थाना की टीम और पहली पत्नी के बेटे साथ में गांव पर गए। फिर वहीं से पकड़ कर उन्हें पटना लाया गया। उन्हे महिला थाने में ही रखा गया। उनसे पूछताछ भी की गई है। जो केस एक्टर की पहली पत्नी ने किया था उसमें लगातार कोर्ट में तारीख पड़ रही थी। नीलिमा कुमारी के अनुसार विजय कुमार किसी भी तारीख पर कोर्ट नहीं पहुंचे। उन्होंने एंटीसिपेट्री बेल के लिए अप्लाई भी कर रखा था, जिसे कोर्ट ने खारिज कर दिया था। इसके बाद उनकी गिरफ्तारी का वारंट भी कोर्ट ने जारी कर दिया था। सिटी एसपी सेंट्रल अंबरीश राहुल ने एक्टर विजय कुमार के गिरफ्तारी की पुष्टि कर दी है। शुक्रवार की पूरी रात उनकी थाने में कटी। आज उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद जेल भेजा जाएगा।

17 फरवरी 2020 की शाम गांधी मैदान स्थित कालीदास रंगालय में एक कार्यक्रम हुआ था। उस कार्यक्रम में सालों बाद एक्टर विजय कुमार शामिल होने के लिए पटना आए थे। इस कार्यक्रम में उस वक्त DGP गुप्तेश्वर पांडेय भी गेस्ट के रूप में आए थे। इस बात की जानकारी एक्टर की पहली पत्नी को हो गई थी। वो भी वहां पहुंच गई थी। उस दौरान DGP को देख नीलिमा कुमारी रोने लगी थीं। उनसे न्याय दिलाने की गुहार लगाने लगी थीं। तब गुप्तेश्वर पांडेय ने पूरा मामला पूछा, उसके बारे में जाना और समझा था। जब पूरा केस समझ में आ गया तो फिर उन्होंने तुरंत नीलिमा कुमार को महिला थाना जाने को कहा और FIR दर्ज कराने का आदेश दिया था। उनके आदेश के बाद ही नीलिमा कुमारी के बयान पर एक्टर विजय कुमार के खिलाफ IPC की धारा 498A, 494, 504 और 506 के तहत FIR नंबर 31/2020 दर्ज की गई थी।

कालीदास रंगालय में जब हंगामा शुरू हुआ था, तब एक्टर विजय वहीं मौजूद थे। उस दौरान नीलिमा ने अपने पति विजय कुमार से मिल कर बात करने की काफी कोशिश की थी। लेकिन, विजय कुमार से उन्हें मिलने नहीं दिया गया था। उन्हें अंदर जाने से ऑर्गेनाइजर्स ने रोक दिया था। वहां खूब हंगामा हुआ था। हंगामा बढ़ता देख एक्टर विजय कुमार वहां से चुपके से फरार हो गए थे।

Share This Article