NEWSPR डेस्क। पूर्णिया के हाट थाना अंतर्गत हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक महिला ने फांसी का फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीपीओ सुरेंद्र कुमार सरोज सहित के हाट थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर पूरी जानकारी ली। जिस समय घटना हुई उस वक्त घर में महिला के पति नहीं थे सिर्फ आठ साल का एक बेटा था जो अपने दोस्त के साथ छत पर खेल रहा था।
बताया जा रहा मृत महिला लक्की सिंह उत्तर प्रदेश के बनारस जिले के सिगरा थाना निवासी प्रकाश नारायण की पुत्री है। सात साल पहले ही शादी हुई थी। मृत महिला के पति बिट्टू सिंह ने बताया कि तीन दिन से मकई की रोपनी करने बनमनखी थाना के तहत जियनगंज महादेवपुर गांव गये थे। बिट्टू ने कहा कि आज मेरी मां की सास सुबह हाउसिंग बोर्ड स्थित घर आई थी। मेरी पत्नी उन्हें बस पकड़ाने गिरजा चौक गयी थी। इस दौरान पत्नी का मोबाइल किसी ने चुरा लिया। वापस घर लौटी और उसके बाद फांसी लगाने की घटना सामने आई। पति ने कहा कि मृतिका को मोबाइल से खासा लगाव था। पुलिस घटना की छानबीन कर रही है।
पूर्णिया से पारस सोना की रिपोर्ट…