बिहार में एक और न‍वनिर्वाचित मुखिया की हत्या, गोपालगंज में मुखिया को अपराधियों ने मारी गोली, इलाज के दौरान मौत

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार में एक और न‍वनिर्वाचित मुखिया की हत्या कर दी गई है। बता दें कि थावे प्रखंड की धतिवना पंचायत के मुखिया सुखल मुसहर की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। गोली लगने के बाद उन्हें आनन फानन में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद मामले की जांच करने सदर एसडीपीओ संजीव कुमार मौके पर पहुंच गए। एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने इस घटना को अंजाम दिया है। नवनिर्वाचित दलित मुखिया सुखल मुसहर को बाइक सवार अपराधियों ने आज सुबह 6:30 बजे गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल मुखिया को जब सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया तो चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जहां लोगों में आक्रोश है। वहीं सदर एसडीपीओ मामले की तहकीकात में जुट गए हैं।

बताया जाता है कि नवनिर्वाचित मुखिया सुखल मुसहर धतिवाना गांव के प्रकाश सिंह के यहां रहकर घर का काम करते थे। यह पंचायत पूर्व से दलित के लिए रिजर्व हैं। बताया जाता है कि चुनावी रंजिश को लेकर इस वारदात को अंजाम दिया गया है।  गांव के ग्रामीण प्रकाश सिंह के मुताबिक आज सुबह करीब 6:30 बजे ग्लैमर बाइक पर सवार दो अपराधी उनके घर पहुंचे। यहां पर सुखल मुसहर को अपराधियों ने गोलियों से भून दिया। जिससे वे जमीन पर गिर गए। ग्रामीणों के द्वारा उन्हें सदर अस्पताल में लाया गया। जहा चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ग्रामीण प्रकाश सिंह के मुताबिक चुनावी रंजिश को लेकर वारदात को अंजाम दिया गया होगा। एसडीपीओ संजीव कुमार ने कहा कि गांव में कुछ पूर्व से विवाद था। लेकिन वर्तमान मुखिया से उसका कोई सरोकार नहीं था। पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना से एक सप्ताह पहले मीरगंज के सबेया के पास बीडीसी सदस्य को गोली मारी गई थी। जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी।

गोपालगंज से मंजेश मिश्रा की रिपोर्ट

Share This Article