लालू यादव के जेल या बेल पर फैसला आज, चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले में होगी सुनवाई

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव जेल जाएंगे या फिर उन्हें बेल मिलेगी इस बात का आज फैसला हो जाएगा। चारा घोटाले के सबसे बड़े मामले डोरंडा कोषागार से 139.35 करोड़ की अवैध निकासी (RC 47ए/96) के मामले में आज सुनवाई होना है। रांची CBI की स्पेशल कोर्ट इस मामले में फैसला देगी। बता दें कि इस मामले में बिहार के पूर्व CM लालू यादव समेत 99 आरोपी हैं। CBI  के विशेष न्यायाधीश एसके शशि की अदालत ने 29 जनवरी को इस मामले में बहस पूरी होने के बाद 15 फरवरी को फैसले की तारीख निर्धारित की थी।

वहीं इस केस में 10 महिलाएं भी आरोपी है। मामले में चार राजनीतिज्ञ, दो वरीय अधिकारी, चार अधिकारी, लेखा कार्यालय के छह, 31 पशुपालन पदाधिकारी स्तर के एवं 53 आपूर्तिकर्ता मुकदमे का सामना कर रहे हैं। अदालत ने सभी आरोपियों को व्यक्तिगत रूप से अदालत में मौजूद रहने का निर्देश दिया है।

सुनवाई में उपस्थित रहने के लिए लालू 2 दिन पहले ही रांची पहुंच गए थे। वहीं लालू के बेटे तेजस्वी यादव और बेटी मीसा भारती भी रांची में हैं। आज पूरे परिवार और लोगों की नजर कोर्ट के फैसले पर रहेगी।

बता दें कि चारा घोटाले के चार अन्य मामलों में लालू दोषी करार दिए जा चुके हैं। वह अब तक 6 बार जेल भी जा चुके हैं। अभी दुमका ट्रेजरी मामले में जमानत पर बाहर हैं।

Share This Article