बिहार: बारात के दरवाजे पर आते ही घबराई दुल्हन ने लगा दिया एक कॉल, रुकवाई अपनी शादी, जानिए पूरा मामला

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। एक दुल्हन ने दरवाजे पर बारात आते ही कॉल घुमा दिया। जिससे कि बारात लौटा दी गई। लड़की शादी नहीं करना चाहती थी। मामला मुजफ्फरपुर के मुशहरी का है। जहां एक नाबालिग लड़की की जबरदस्ती शादी कराई जा रही थी। लड़की दुल्हन बने बैठी थी लेकिन शादी को किसी भी तरह से रोकने की कोशिश कर रही थी।

इसी दौरान बारात उसके दरवाजे पर आ गई। बाराती और दूल्हा नाचने में मगन थे। हर तरफ धूम-धाम और शहनाई बज रही थी। तभी लड़की ने हेल्पलाइन पर फोन कर अपनी शादी रुकवाई। लड़की ने फोन पर बताया कि वह अभी केवल 12 साल की है। वह पढ़ना चाहती है। उसकी मां जबरदस्ती विवाह करवा रही। लड़की ने फिर कहा कि देखिए न वैशाली जिले से बरात भी घर पर आ चुकी है। इस पर एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश व बीडीओ महेश चंद्र ने मुशहरी थाने को फोन कर शादी रुकवाने को कहा।

सूचना पाकर तुरंत पुलिस बारात स्थल पर पहुंची। जिसके बाद छानबीन करते हुए वर-वधू दोनों के पिता को हिरासत में लेकर थाना चली गई। थाने पर एसडीओ व बीडीओ भी पहुंचे। मौके पर प्रभारी थानाध्यक्ष कौशल किशोर सिंह, अवर निरीक्षक चांदनी कुमारी सांवरिया, रंजीत कुमार भी मौजूद थे। सभी ने दोनों पक्षों को समझाया कि बाल विवाह कानूनन अपराध है। 18 वर्ष से कम आयु में मां बनना भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है। इस पर दोनों पक्ष विवाह नहीं करने पर राजी हो गए। पुलिस ने दोनों को बांड पर छोड़ दिया।

Share This Article