बिहार: सड़क हादसे में शिक्षक सहित दो की मौत, गांव में पसरा मातम, परिजन का आरोप- दो घंटे तक सड़क पर पड़े रहे, किसी ने नहीं की मदद

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। कैमूर के दुर्गावती थाना क्षेत्र के आदर्श नुआव गांव निवासी शिक्षक पप्पू पासवान एवं राजू गुप्ता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई है। दोनों लोग चंदौली के कमालपुर अपने बाइक से गए थे। घर वापस लौटते समय जैसे ही उनकी बाइक कमालपुर सकलडीहा रोड में पहुंची एक तेज रफ्तार बस ने टक्कर मार दी। जिससे दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने 2 घंटे के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

जहां चिकित्सकों द्वारा उनको मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मसौढ़ा पंचायत के मुखिया संजय कुमार सिंह उर्फ बब्बू एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य आनंद सिंह परिजनों के साथ कमलापति त्रिपाठी जिला चिकित्सालय चंदौली पहुंचे जहां पर दोनों लोगों के शव को पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद दोनों शव को शनिवार की सुबह पैतृक गांव पहुंचाया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।

बता दें कि पप्पू पासवान प्राथमिक विद्यालय बड़हरा में शिक्षक थे। ये अपने पिता के जेष्ठ पुत्र हैं। इनके ऊपर ही परिवार की पूरी जिम्मेदारी थी। इनके मौत से परिवार के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट गया है। मौके पर पहुंचे पूर्व जिला परिषद सदस्य आनंद कुमार सिंह ने उत्तर प्रदेश प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि अगर प्रशासन तत्परता दिखाती तो शायद दोनो लोगों की जान बचाई जा सकती थी।

दुर्घटना के बाद लगभग 2 घंटे तक दोनों युवा सड़क पर छटपटाते रहे। इन्हें किसी साधन से हॉस्पिटल नहीं पहुंचाया गया। जब आसपास के ग्रामीण पुलिस के इस रवैया को देखते हुए उग्र हुए तो पुलिस दोनों को लेकर कमलापति  चिकित्सालय चंदौली पहुंची। तब तक दोनों युवाओं ने दम तोड़ दिया था। वहीं पंचायत के वर्तमान मुखिया संजय कुमार सिंह उर्फ बाबू ने कहा कि एक साथ गांव के 2 युवाओं को खोने से गांव में काफी दुख का माहौल है। दोनों होनहार युवा थे। इस घटना से मैं काफी स्तब्ध हूं। उन्होंने कहा कि दोनों लोग अपने पीछे छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। परिवार पर बहुत बड़ा दुख का पहाड़ टूट पड़ा है मैं इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ हूं जो भी होगा मैं उनका सहयोग करूंगा।

कैमूर से ब्रजेश दुबे की रिपोर्ट

Share This Article