राज्यसभा के दूसरे प्रत्याशी के नामांकन के बाद बोले नीतीश कुमार, RCP सिंह को लेकर कही ये बात

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिए जदयू प्रत्याशी खीरू महतो के नामांकन में शामिल होने के बाद विधानसभा परिसर में बातचीत की। उन्होंने कहा कि एन०डी०ए० प्रत्याशी खीरू महतो का नामांकन हो गया है। NDA के बाकी प्रत्याशियों का नामांकन प्रोसेस में है। यह खुशी की बात है कि नामांकन के अवसर पर इतने सारे एन०डी०ए० के नेता उपस्थित हैं।

आर०सी०पी० सिंह को लेकर पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा- सब लोगों से विचार विमर्श के बाद ही जदयू के उम्मीदवार की घोषणा की गई। आर०सी०पी० सिंह ने भी आज अपनी बात कही है। पार्टी के अध्यक्ष ने भी कल अपनी बात कही है। पार्टी में किसी भी चीज को लेकर कोई मतभेद नहीं है। हमलोगों की इच्छा हुई कि झारखंड के अपने पुराने साथी को इस बार राज्यसभा भेजें। हमलोगों ने सोचा कि बगल के राज्य के साथी को भी एक मौका देना जरुरी है। यही सब सोच कर जदयू ने खीरु महतो को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाया है। इसको लेकर किसी को भी ऐतराज नहीं है, सभी को खुशी है।

सिंह ने खुद भी अपनी बात कहते हुए इस पर ऐतराज नहीं जताया है। उनको पार्टी ने शुरु से काफी अवसर दिया है। जब वे आई०ए०एस० अफसर थे तब भी वे मेरे साथ थे। राज्यसभा गये तब भी साथ ही थे। पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष भी उन्हें बनाया गया। अभी वे केंद्र सरकार में मंत्री हैं। सभी लोग पार्टी में एक साथ हैं। राज्यसभा का सदस्य नहीं रहने पर केंद्रीय मंत्रिमंडल से आर०सी०पी० सिंह के इस्तीफा देने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा- अभी राज्यसभा के सदस्य के रुप में आर०सी०पी० सिंह का कार्यकाल बाकी है।

यह चुनाव समय से पहले हो रहा है। जब तक उनका राज्यसभा का कार्यकाल है तब तक तो वे मंत्री बने ही रह सकते हैं, तुरंत इस्तीफा देने का क्या मतलब है? केंद्र सरकार में जदयू की ओर से किसी और को मंत्री बनाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा- यह सब आगे की चीज है। समय आने पर ये सब चीजें क्लियर हो जायेंगी।

Share This Article