ट्रक व ऑटो में भीषण टक्कर, मजदूर की मौत, 8 लोग बुरी तरह से घायल

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। आरा-छपरा फोरलेन पर सड़क हादसा हो गया। जिसमें एक की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक कोईलवर थाना क्षेत्र के राजापुर गांव के पास शुक्रवार की दोपहर ट्रक व ऑटो में भीषण टक्कर हो गई। इस भीषण हादसे में ऑटो पर सवार एक मजदूर की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

जबकि ऑटो पर सवार आठ मजदूर गंभीर रूप से जख्मी हो गए। इसके बाद सभी जख्मी यों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया जहां उनका इलाज कराया जा रहा है। वहीं घटना को लेकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना मौके पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार मृतक बक्सर जिला के सेमरी थाना क्षेत्र के बड़का राजपुर नई बस्ती निवासी राम विशाल गोंड़ का 27 वर्षीय पुत्र अजय गोंड़ है। इधर अनिल गोंड ने बताया कि वे अभी बालू घाट पर मजदूरी करते हैं। शुक्रवार की सुबह सभी मजदूर बक्सर से ट्रेन पकड़कर आरा स्टेशन उतरे। इसके बाद आरा रेलवे स्टेशन से ऑटो रिजर्व कर बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा प्लांट जा रहे जा रहे थे। इसी दौरान आरा-छपरा फोरलेन पर राजापुर गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रही ट्रक से भीषण टक्कर हो गई।

जिससे ऑटो पलट गई और सभी जख्मी हो गए। जिसके बाद सभी को स्थानीय लोगों द्वारा इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया जा रहा था। तभी अजय गोंड़ ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बावजूद इसके स्थानीय लोग सभी को आरा सदर अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने देख अजय गोंड़ को मृत घोषित कर दिया। आठों जख्मियों का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

जबकि जख्मियों में उसी गांव के निवासी सोमारू गोंड़ का 40 वर्षीय पुत्र लाल मोहर गोंड़,स्व.लाल बहादुर राय का 40 वर्षीय पुत्र नागा यादव उर्फ रघुपति यादव,मुसाफिर यादव का 42 वर्षीय पुत्र अक्षय लाल यादव,परमा गोंड़ का 40 वर्षीय पुत्र धनजी गोंड़,नंदजी गोंड़ के 26 वर्षीय पुत्र अनिल गौड़,21 वर्षीय पुत्र उपेंद्र गोंड़,उसी थाना क्षेत्र के तिलक राय के हाता स्थित ठगनी के डेरा निवासी छन्नू यादव का 40 वर्षीय पुत्र पप्पू यादव एवं एक अन्य शामिल हैं।

आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट

Share This Article