NEWSPR DESK- Patna- गर्दनीबाग ठाकुरबाडी परिसर में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद की 138 वी जयंती बड़े ही धूमधाम से मनाई गई। इस मौके पर नालंदा खुला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रसिद्ध गणितज्ञ डॉक्टर के सी सिन्हा ने कहा कि बिहार में खनिज संपदा नहीं है, मगर दुनिया मानती है कि बिहार मेधा का भंडार है। इसी मेधा के बल पर बिहार दुनिया में अव्वल है।
उन्होंने कहा कि बिहार सरकार अपने बजट का 21% शिक्षा पर खर्च करती है और सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना चाहती है। डॉक्टर के सी सिन्हा ने कहा कि बिहार सरकार राजेंद्र बाबू के जन्मदिन को मेधा दिवस के रूप में मना रही है। उनके विश्वविद्यालय के द्वारा अगले साल से मेधा दिवस पर टॉपर एवं गोल्ड मेडलिस्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर आयोजक एवं पूर्व विधान पार्षद ,डॉ रणवीर नंदन ने कहा कि इस ठाकुरबाडी, परिसर में डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद भगवान चित्रगुप्त के पूजन के लिए आते थे और उनका इस ठाकुरबाडी से गहरा लगाव रहा है।
उन्होंने कहा कि डॉ राजेंद्र प्रसाद की जयंती को बिहार सरकार मेधा दिवस के रूप में मना कर महापुरुषों को सम्मान दे रही है। उन्होंने केंद्र सरकार से अपील किया कि देश के प्रथम राष्ट्रपति के सम्मान में अखिल भारतीय स्तर पर मेधा दिवस का आयोजन होना चाहिए और उस दिन हर विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों का सम्मान होना चाहिए। डॉक्टर नंदन ने कहा कि डॉ राजेंद्र प्रसाद स्कूल जीवन से कॉलेज लाइफ तक टॉपर रहे इसलिए विद्या अध्ययन करने वालों को राजेंद्र बाबू के नित्य कर्म से प्रेरणा लेनी चाहिए क्योंकि राजेंद्र बाबू असल में सरस्वती पुत्र थे। डॉक्टर नंदन ने कहा की युवा अगर राजेंद्र बाबू के एक गुण भी का आत्मसात कर लेंगे, तो उनका जीवन सुखमय हो जाएगा।
डॉक्टर नंदन ने कहा कि जिस तरह खेल के जादूगर महान हॉकी खेलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर देश भर में खेल दिवस का आयोजन होता है और राष्ट्रीय एवं अंतराष्ट्रीय मेडल प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जाता है। उसी तरह देश के हर विश्वविद्यालय में गोल्ड मेडलिस्ट छात्र छात्राओं को विद्या की महान विभूति डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर राष्ट्रीय स्तर पर मेधा दिवस आयोजित कर सम्मानित किया जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि सभी विश्वविद्यालय में गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को मेधा दिवस पर सम्मानित करने का काम बिहार सरकार करें। इस मौके पर बी डी कॉलेज के प्राचार्य डॉ प्रवीण कुमार सिन्हा ने कहा कि वह अगले साल अपने कॉलेज में मेधा दिवस के दिन गोल्ड मेडलिस्ट छात्रों को सम्मानित करेंगे।
जयंती समारोह की अध्यक्षता पटना महानगर जदयू के अध्यक्ष आसिफ कमाल ने किया जबकि संचालन जदयू नेता अमित कुमार राज ने किया। इस मौके पर जदयू नेता रंजीत कुमार, अमित कुमार, राजेश कुमार ,सुषमा सिन्हा, राजाराम सिंह, अजीत दुबे, सोनू निषाद, सुधाकर सिन्हा, शैलेश कुमार सिन्हा ,वेद प्रकाश पांडेय,सत्य प्रकाश पांडेय ,रुणा बाबा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।