आरा में गाली देने से मना करने पर नशे में धुत भाई ने बड़े भाई की चाकू मारकर की हत्या

Patna Desk

 

NEWSPR DESK- भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के नथमलपुर गांव में गाली देने से मना करने पर नशे में धुत भाई ने अपने ही बड़े भाई की चाकू मार कर हत्या कर दी। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी मच गई है। वहीं घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया।

 

उधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में करवाया। इसके पश्चात पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मृतक बड़हरा थाना क्षेत्र के नथमलपुर गांव निवासी परीखा राम का 25 वर्षीय पुत्र अखिलेश राम है एवं वह पेशे से मजदूर था।

 

इधर मृतक के पिता परीखा राम ने बताया कि उनका छोटा बेटा कमलेश राम नशे में भूत होकर घर के बगल में खड़ा होकर गांव वालों को गाली दे रहा था। तभी उनका बड़ा बेटा अखिलेश राम वह पहुंचा और उसे गाली देने से मना करने लगा। इसी बात पर उसने उसके सीने में चाकू मार दी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इसके बाद वह वहां से भाग गया।

 

बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है कि मृतक अपने छह भाई व दो बहन में दूसरे स्थान पर था। मृतक के परिवार में मां उमरावती देवी, पत्नी प्रियंका देवी एवं एक 5 वर्ष का पुत्र आयुष है। घटना के बाद मृतक के घर में हाहाकार मच गया है। वही इस घटना के बाद में तक की मां उमरावती देवी,पत्नी प्रियंका देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share This Article