इंद्रपुरी बराज और दुर्गावती जलाशय योजना का बिहार सरकार के मंत्री करेंगे निरीक्षण, दुनिया के कुछ लंबे बराजों में होती है गिनती

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार सरकार के जल संसाधन तथा सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री संजय कुमार झा शुक्रवार से दक्षिण बिहार के दो दिवसीय दौरे पर जाएंगे। इस दौरान शुक्रवार को वे दक्षिण बिहार के कई जिलों में फैली सोन नहर प्रणाली में जल उपलब्ध कराने के लिए निर्मित इंद्रपुरी बराज का स्थल निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही, पटना मुख्य नहर के किमी 57.6 के पास बलिदाद लॉक के अलावा सोन नहर प्रणाली के कई स्थानों पर जाकर पानी की उपलब्धता का जायजा लेंगे।

इसके बाद वे इंद्रपुरी बराज के निरीक्षण भवन में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर सोन नहर प्रणाली में जल की उपलब्धता तथा दक्षिण बिहार में सिंचाई सुविधाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तृत समीक्षा करेंगे। संजय कुमार झा अगले दिन शनिवार को दुर्गावती जलाशय योजना का स्थल निरीक्षण करने जाएंगे। उल्लेखनीय है कि सोन नदी मध्य प्रदेश से शुरू होकर, उत्तर प्रदेश, झारखंड और बिहार से गुजरते हुए पटना के पास गंगा नदी में मिलती है। रोहतास के तिलौथू प्रखंड के इंद्रपुरी में सोन नदी पर निर्मित इंद्रपुरी बराज (जिसे सोन बराज भी कहा जाता है) की गिनती दुनिया के कुछ लंबे बराजों में होती है।

इसकी लंबाई 1,407 मीटर (4,616 फीट) है। इस महत्वपूर्ण बराज के जरिये ही दक्षिण बिहार की महत्वपूर्ण सोन नहर प्रणाली में जल छोड़ा जाता है। इंद्रपुरी बराज से रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, अरवल, पटना, बक्सर, भोजपुर आदि जिलों के किसानों को लाभ होता है।जल संसाधन मंत्री अपने दक्षिण बिहार दौरे के दूसरे दिन दुर्गावती जलाशय योजना का स्थल निरीक्षण करेंगे और इसमें जल की उपलब्धता तथा विभाग की तैयारियों की समीक्षा करेंगे। दुर्गावती जलाशय योजना से कैमूर और रोहतास जिले के किसानों को सिंचाई सुविधा मिलती है।

कैमूर/भभुआ से ब्रजेश दुबे की रिपोर्ट

Share This Article