जीप अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में राजद दो खेमे में बटा, एक खेमा का आशा देवी को समर्थन, दूसरे का आरती देवी को समर्थन

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में चुनाव संपन्न हो गया। जहां मतों की गिनती के बाद बिहिया की आशा को जिप अध्यक्ष व तरारी के लाल बिहारी को उपाध्यक्ष का ताज मिला। तो वहीं निवर्तमान अध्यक्ष आरती व उपाध्यक्ष फूलवंती दोनों की हार हुई।

अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की कुर्सी पर दोनों नये चेहरे की ताजपोशी हुई। बताते चलें कि मतदान में जिप अध्यक्ष आशा देवी को 17 तो उपाध्यक्ष लाल बिहारी सिंह को 16 मत मिले। जबकि निवर्तमान अध्यक्ष आरती को 09 और उपाध्यक्ष फूलवंती को 12 मतों से संतोष करना पड़ा।बताते चलें कि अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की लड़ाई में राजद दो खेमे में बंटा नजर आया। अध्यक्ष के चुनाव में एक पक्ष आशा देवी के साथ खड़ा दिखा तो दूसरा खेमा निवर्तमान अध्यक्ष आरती देवी के साथ रहा।

इसी तरह उपाध्यक्ष की लड़ाई में भी दिखा। राजद समर्थक एक खेमा फूलवंती के साथ तो दूसरा खेमा लाल बिहारी के साथ खड़ा रहा। डीएम सह निर्वाची पदाधिकारी रोशन कुशवाहा ने चुनाव की प्रक्रिया को पूरा कराते हुए अध्यक्ष पद के लिए आशा देवी व उपाध्यक्ष पद के लिए लाल बिहारी सिंह को निर्वाचित घोषित करते हुए प्रमाण पत्र प्रदान किया। बता दें कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान सबसे पहले डीएम सह निर्वाची पदाधिकारी ने सभी जिप सदस्यों को शपथ ग्रहण कराया।

उसके बाद अध्यक्ष पद के नामांकन शुरू हुआ। अध्यक्ष के लिए निवर्तमान अध्यक्ष आरती देवी, आशा देवी और बंदना देवी ने नामांकन किया। मतों की गिनती में आशा देवी को 17, आरती देवी को 9 और बंदना देवी को 5 मत मिले। उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए लाल बिहारी सिंह, फूलवंती देवी व विमला देवी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। मतों की गिनती में लाल बिहारी सिंह को 16, फूलवंती देवी को 12 तो विमला को 3 मत मिले।

अध्यक्ष पद पर आशा देवी की जीत के बाद भी समर्थक जीत का जश्न नहीं मना सके। समर्थकों ने अपने निर्वाचित अध्यक्ष को समाहरणालय परिसर से बाहर निकलने पर माला तक नहीं पहना सके। इसके पीछे इस गुट के निवर्तमान उपाध्यक्ष फूलवंती देवी की पराजय रही। परिणाम की घोषणा के साथ ही समर्थक तेजी से निकल पड़े। कहीं भी अबीर गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई देने का दृश्य नजर नहीं आया।

उपाध्यक्ष पद पर लाल बिहारी सिंह की जीत पर दूसरे खेमे में जीत का खूब जश्न मना। फूल मालाओं के साथ समर्थक अबीर गुलाल लगाकर एक दूसरे को बधाई दी। उपाध्यक्ष के बाहर निकलते ही समर्थ लाल बिहारी जिंदाबाद के खूब नारे लगाए और जुलूस की शक्ल में निकले। वहीं जिप अध्यक्ष आशा देवी ने जीत के बाद कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता जिला परिषद के माध्यम से जिले का विकास करना होगा। सभी सदस्यों को साथ लेकर विकास के कार्यों को बिना भेद भाव के गति देने के लिए सदैव आगे रहूंगी। उन्होंने कहा कि सदस्यों ने मुझ पर भरोसा कर अध्यक्ष बनाया है, उनके विश्वास और भरोसे को कायम रखूंगी और सबको साथ लेकर चलूंगी।

आरा से आकाश कुमार की रिपोर्ट

Share This Article