दुर्गा पंडाल सजा रहे 5 लड़कों को कार ने रौं’दा, 2 की मौके पर ही मौत, 3 की हालत गंभीर

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। छपरा में दुर्गा पंडाल सजा रहे 5 लड़कों को कार ने रौंद दिया। इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत गई। वहीं 3 लड़कों की हालत गंभीर है। जिनका इलाज जारी है। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि हादसे के बाद कार भी पलट गई। वहीं लोगों ने ड्राइवर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। बच्चों की मौत के बाद परिवार का गुस्सा फूटा जिसके बाद परिवार ने ग्रामीणों के साथ छपरा-सीवान मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि सोमवार की देर शाम मेथावलिया गांव के लड़के दुर्गा पूजा की तैयारी कर रहे थे। तैयारी के दौरान सीवान-छपरा मुख्य मार्ग पर लाइट और झंडा बांधने का काम चल रहा था। इसी दौरान सीवान से तरफ से आ रही मारुति स्विफ्ट कार लड़कों को रौंदते हुए सड़क के किनारे पलट गई। कार पलटने के बाद ग्रामीणों ने वाहन चालक को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। दुर्घटना में घायल सभी लड़कों को आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल छपरा में भर्ती कराया गया।

वहां से प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति को गंभीर देख बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। वहीं इलाज के दौरान दोनों की सोमवार की देर रात मौत हो गई। मंगलवार को पुलिस द्वारा पोस्टमार्टम करा शवों को परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में शव पहुंचते ही कोहराम मच गया। आक्रोशित लोगों ने एनएच-85 को जाम कर दिया। घंटों तक मुख्य मार्ग को जाम रखा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। दोपहर 1 बजे के करीब जाम खत्म हुआ।

मृतकों की पहचान रिविलगंज थाना क्षेत्र के मेथावलिया गांव निवासी सोहित कुमार (11 वर्ष) पिता – नागेंद्र राय और कृष कुमार (8 वर्ष) पिता – सुरेश राय के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल मेथावलिया निवासी रोहित कुमार (13 वर्ष) पिता – जितेंद्र सिंह, विक्की कुमार (12 वर्ष) पिता – महेश सिंह के रूप में हुई है।

Share This Article