नहर में गिरकर वृद्ध महिला की मौत, नहर तरफ टहलने निकली पैर फिसलने के कारण नहर में गिरी, गांव में पसरा मातमी सन्नाटा।

Patna Desk

 

औरंगाबाद में टहलने के लिए अपने घर से बाहर निकली वृद्ध महिला का नहर के गिरने से मौत हो गयी। दरअसल यह घटना दाउदनगर थाना क्षेत्र के बड़ी नहर स्थित बेलाढ़ी पुल के समीप शनिवार दोपहर की है। मृतक महिला दाउदनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मनार निवासी स्वर्गीय शिव राजवंशी के 71 वर्षीय पत्नी भागिया देवी थी। वहीं इस घटना के बाद मृतक के परिजन सदर अस्पताल औरंगाबाद परिसर में चीत्कार मार रो रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को उक्त वृद्ध महिला अपने गांव से बाहर टहलने के लिए नहर तरफ गयी हुई थी। वृद्ध महिला घूमते घूमते बड़ी नहर स्थित बेलाढ़ी पूल के समीप पहुच गयी तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और अनियंत्रित होकर नहर में गिर गयी। जिसके कारण नहर में डूबने से महिला की मौत हो गयी। वहीं इस घटना के बाद आसपास के नागरिकों के चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और घटना की सूचना दाउदनगर थाना की पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही दाउदनगर थानाध्यक्ष गुफरान अली दल बल के साथ आनन-फानन में घटनास्थल पर पहुंचे। जहां से नहर में गिरकर मृत वृद्ध महिला को बाहर निकाला और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कागजी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। जहां से पोस्टमार्टम के उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया।

इस सम्बन्ध में दाउदनगर थानाध्यक्ष गुफरान अली ने बताया कि नहर में गिरकर मरने की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लिया। जहां से पोस्टमार्टम के बाद दाह संस्कार के लिए शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं इस घटना के बाद परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है। मृतक के परिजनों ने सरकार से आपदा राहत के बाद मुआवजे की मांग की है।

Share This Article