NEWSPR डेस्क। नालंदा में शनिवार को एक विधवा महिला ने फांसी के फंदे पर लटकर अपनी जान दे दी। जानकारी के मुताबिक महिला अपनी पति की मौत से आहत थी। जिसके कारण उसने अपनी जिंदगी खत्म कर दी। बता दें कि 16 जनवरी को जहरीली शराब मामले में उसके पति की मौत हो गई थी। इस दौरान कुल 14 लोगों ने जहरीली शराब पीने से अपनी जान गवाई थी।
इसी जहरीली शराबकांड में सावित्री देवी के पति दीपक पासवान की भी मौत हो गई थी। दीपक पासवान के मौत के बाद पत्नी सावित्री देवी लगातार तनाव में चल रही थी। पति के मौत के तुरंत बाद ही पत्नी सावित्री देवी के द्वारा कई बार आत्महत्या का प्रयास भी किया गया था। आज घर में किसी का नहीं होने के कारण पत्नी सावित्री देवी ने फांसी के फंदे से लटक कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना के संबंध में स्थानीय वार्ड पार्षद अजय पासवान ने बताया कि सावित्री देवी के द्वारा अपनी सास को बिजली बिल जमा कराने को लेकर बाहर भेज दिया था। जिसके कारण घर में कोई भी मौजूद नहीं था। इसका फायदा उठाते हुए सावित्री देवी ने आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही सोहसराय थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और जांच में जुट गई है।
ऋषिकेश संवाददाता नालंदा