NEWSPR डेस्क। नीतीश सरकार ने कारखाने में काम करने वाले लोगों के लिए मुफ्त स्वास्थ्य जांच कराने का आदेश दिया है। बता दें कि राज्य के सभी निबंधित कारखानों में काम करने वाले कामगारों के स्वास्थ्य की नि:शुल्क जांच की जाएगी। खासकर 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले कामगारों की स्वास्थ्य जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी ताकि बीमार होने की स्थिति में सरकार के स्तर पर वैसे कामगारों का उपचार कराया जा सके। श्रम संसाधन विभाग का यह आदेश अमल में आ गया।
यदि समय रहते बीमारी की जानकारी मिल जाए तो सरकार के स्तर पर उसका उपचार करा कामगारों की जान को बचाया जा सकता है। इसी उद्देश्य से सरकार ने तय किया है कि हर निबंधित कारखाने में काम करने वाले कामगारों में जिनकी उम्र 45 वर्ष से अधिक है, उनकी वार्षिक स्वास्थ्य जांच हो। अधिकारियों के अनुसार राज्य में 8479 निबंधित कारखाने हैं, जिसमें दो लाख 31 हजार 119 कामगार हैं। इन कामगारों के स्वास्थ्य जांच की अभी कोई व्यवस्था नहीं है। इस कारण गाहे-बगाहे राज्य के किसी न किस कारखाना में काम करने वाले कामगारों की मौत होते रहती।