NEWSPR डेस्क। बेगूसराय में रविवार सुबह 6 बजे के करीब डकैती हो गई। 6 मास्क पहने हथियार से लैश बदमाशों ने आभूषण और कपड़ा व्यवसायी के घर डाका डाला। इसमें करीब 50 लाख रुपए संपत्ति लूट ली और पैदल ही भाग निकले। परिजनों ने बताया कि पहले दो की संख्या में बदमाश घर में घुस गये और परिवार वालों के साथ मारपीट कर बंधक बना लिया। फिर 4 और बदमाश घर में घुस गये और डकैती की वारदात को अंजाम देकर चलते बने। घटना रतनपुर ओपी क्षेत्र के हीरालाल चौक स्थित मियांचक वार्ड संख्या-34 की है।
पीड़ित आदर्श वस्त्रालय एवं बजरंग आभूषणालय के मालिक कपिलेश्वर मंडल ने बताया की सुबह 6 बजे घर के बाहर से आवाज आई। हालांकि गेट खुला हुआ ता। मुझे लगा नौकरानी आई होगी। फिर भी मैं बाहर गया, पर गेट के पास कोई दिखा नहीं। इसी दौरान गेट के पास ही दो युवक दिखे, जो अखबार पढ़ रहे थे, पर उनका चेहरा नजर नहीं आ रहा था। मैं अंदर गया। इसी बीच वो दोनों युवक भी अंदर आ गए और मेरे मुंह में पिस्टल डाल दिया। तभी मेरी पत्नी संध्या और बेटा राजीव मंडल भी पहुंच गए। दोनों बदमाशों ने आवाज लगा अपने चार और साथियों को बुला लिया। सभी तेजी से घर के अंदर घुसे और हमारे साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच बेटी और बहू भी मौके पर आ गई। उनके साथ तीन बच्चे भी थे। बदमाशों ने राजीव पर चाकू से हमला कर दिया और फर्श पर गिरा दिया। साथ ही कहा कि अगर शोर मचाए तो तीनों बच्चों को मार डालेंगे। परिवार के सारे सदस्य डर गए और बेबस हो गए। इसके बाद बदमाशों ने सभी के मुंह पर टेप चिपका हाथ और पैर बांध दिया। एक-एक कर हर कमरे में घुस कर गहने और कीमती सामान उठा कर पैदल ही भाग निकले।’
कपिलेश्वर मंडल ने बताया, ‘सभी बदमाशों की उम्र 20-25 साल के करीब होगी। हाइट 6 फीट से कम थी। साथ ही सभी हिंदी में बात कर रहे थे। बदमाशों ने मास्क लगा रहा था। कोई भी पहचान का नहीं था। बदमाशों के जाने के बाद बच्चों ने शोर मचाया तो पड़ोसी पहुंचे और उन्होंने सभी के रस्सी से बंधे हाथ-पैर खोले। बेटे राजीव मंडल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां स्थिति को नाजुक देखते हुए डॉक्टर ने उसे पटना रेफर कर दिया है।’