भोजपुर में हथियारबंद अपराधियों ने बेकरी दुकानदार की गोली मारकर की हत्या,सनसनी।

Patna Desk

 

भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया राजा बाजार स्थित हाई स्कूल के समीप शनिवार की देर रात बाइक सवार हथियारबंद अपराधियों ने एक बेकरी दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। दुकानदार को गोली सीने के बीचो-बीच मारी गई है। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना को लेकर गांव एवं आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई है। वही घटना की सूचना मिलते ही बिहिया थाना इंचार्ज उदय भानु सिंह अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गए हैं। पुलिस आसपास इलाके में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।जानकारी के अनुसार मृतक बिहिया थाना क्षेत्र के बिहिया राजा बाजार वार्ड नंबर 8 निवासी संतोष कुमार का 34 वर्षीय पुत्र कुमार मनोहर है। वह पेशे से बेकरी दुकानदार था एवं बिहिया राजा बाजार स्थित हाई स्कूल के समीप परिवार ब्रेकर्स किंग नामक बेकरी का दुकान चलाता था। इधर मृतक की पत्नी पूजा देवी ने बताया कि वह खाना खाकर घर से बाहर निकले और कहा कि मैं ग्राहक को केक देकर आता हूं। इसके बाद वह भी खाना खाकर थाली रखने जा रही थी। तभी उसने देखा कि गली में गमछा ओढ़े चितकाबर कलर का कपड़ा पहने एक युवक खड़ा है तो उसने सोचा कि रोज कोई ना कोई आइसक्रीम लेने के लिए आता है। वह भी आइसक्रीम लेने के लिए आया होगा। इसके बाद वह किचन में अपना खाली रखने चली गई। तभी उसे फायरिंग की आवाज आई तो उसने सोचा कि किसी ने पटाखा छोड़ा होगा। तभी उसके पति ने चिल्लाया कहा कि मुझे गोली मार दी। गोली लगने के बाद वह दौड़ कर सड़क की ओर उनके पीछे भागे। लेकिन दोनो अपराधी बाइक पर सवार भाग निकले। इसके बाद परिजन फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने देख उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात परिजन अपनी स्वेच्छा से शव को वापस अपने गांव ले गए। वहीं दूसरी ओर मृतक की पत्नी पूजा देवी ने अपने पति के किसी भी व्यक्ति से किसी भी प्रकार की विवाद एवं दुश्मनी की बातों से साफ इंकार किया है। हालांकि पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बिहिया थाना इंचार्ज उदय भानु सिंह ने बताया कि अपराधियों की संख्या दो बताई जा रही है और दोनों एक ही बाइक पर बैठकर जगदीशपुर की ओर भाग निकले हैं। पुलिस आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है। ताकि अपराधियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित कर सकें। बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाई व एक बहन में छोटा था। मृतक के परिवार में मां लीलावती देवी, पत्नी पूजा देवी एवं एक बेटी मौली है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद मृतक की मां लीलावती देवी,पत्नी पूजा देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Share This Article