मुंगेर: नाला सफाई विवाद में चाचा ने भतीजे को मारी गोली, गंभीर अवस्था में भतीजा भर्ती

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। मुंगेर में नाला सफाई के क्रम में हुए विवाद के कारण चाचा ने भतीजे को गोली मार दी। गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी भतीजे को अत्यधिक रक्त स्राव के कारण राकेश कुमार को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है। एक अन्य जख्मी रणवीर कुमार का प्राथमिक उपचार अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर में कराया जा रहा है।

सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है। पुलिस अपने स्तर से छानबीन कर रही है।  जानकारी के अनुसार लौना गांव में सड़क किनारे बनी हुई नाली की सफाई ग्रामीण अपने घरों के आगे कर रहे थे। इसी क्रम में राकेश कुमार अपने घर के आगे सफाई कर रहे थे। किसी वजह से उनके चाचा अभिमन्यु सिंह से उनकी बाताबाती हो गई।

अभिमन्यु सिंह द्वारा तैश में आ कर भतीजे पर गोली चला दी गई। गोली राकेश कुमार के बांह में लगकर कांख होते हुए पीठ को छूते हुए निकल गई। जिससे वह गिर पड़ा। अत्यधिक खून बहने के कारण अनुमंडलीय अस्पताल तारापुर द्वारा उन्हें रेफर कर भागलपुर मायागंज मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया है।

मुंगेर से मो. इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article