रामविलास पासवान की जयंती आज, चिराग पासवान निकालेंगे आशीर्वाद यात्रा

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। आज पूर्व केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान की जयंती है। रामविलास पासवान की पार्टी में LJP में बड़ी टूट हुई है। कुछ दिन पूर्व उनके भाई, भतीजे सहित कई सांसद रामविलास पासवान के बेटे चिराग पासवान से अलग हो गये। लोजपा में अब दो गुट हो गया है। एक गुट का नेतृत्व रामविलास पासवान के भाई पशुपति पारस कर रहे हैं। जिसमें चिराग पासवान के चचेरे बाई प्रिंस राज सहित पार्टी के 4 अन्य सांसद शामिल हैं। दूसरे गुट का नेतृत्व खुद चिराग पासवान कर रहे हैं। अब ऐसे में बड़ा सवाल उठ रहा है, पार्टी पर दावा किसका होगा। इसके लिये दोनों गुट आज शक्ति प्रदर्शन में लगा है।

चिराग पासवान ये दिखाना चाहते हैं कि उनके चाचा पशुपति पारस और कुछ सांसदों को अलग होने से पार्टी में कोई फर्क नहीं पड़ेगा। वो अपनी पार्टी पर दावा मजबूत करने के लिये आज से आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं। वो हाजीपुर से आशीर्वाद यात्रा की शुरूआत कर रहे हैं। उनके पिता रामविलास पासवान का ये संसदीय क्षेत्र है। वो लंबे समय तक हाजीपुर से सांसद रहे हैं। ऐसे में चिराग पासवान इस यात्रा की शुरूआत यहीं से कर रहे हैं।

इधर पशुपति पारस भी जयंती मनाने की तैयारी कर रहे हैं। उनका दावा है कि लोजपा कार्यकर्ताओं की फौज भी उनके साथ है। जयंती से पूर्व उन्होंने पार्टी का पोस्टर भी लगवाया। पार्टी के उस पोस्टर में चिराग पासवान को जगह नहीं मिली है। दूसरी ओर चिराग पासवान की ओर से भी पोस्टर लगवाये गये हैं। उनके पोस्टर में चाचा पशुपति पारस को जगह नहीं मिली है। दोनों गुट आज शक्ति प्रदर्शन की तैयारी में है। ये तो भविष्य के गर्भ में हैं कि पार्टी पर किसका दावा होगा। लेकिन दोनों की वजह से बिहार की सियासत में भूचाल जरुर आ गया है।

 

Share This Article