रोहतास में अपराधियों के हौसले बुलंद, अलग-अलग जगहों पर बीती रात दो लोगों को मारी गई गोली।

Patna Desk

 

रोहतास जिले में इन दिनों अपराधियों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं। लगातार हो रहे अपराधिक घटनाओं से जहां एक तरफ रोहतास पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं वहीं दूसरी ओर जिलेवासी भी खुद को असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। बता दें कि जिले के अलग-अलग जगहों पर बीती रात अपराधियों ने दो लोगों को गोली मार दी। जिसमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दूसरा व्यक्ति इलाजरत है। पहली घटना डेहरी नगर थाना क्षेत्र से है जहां एक स्वर्ण व्यापारी को लूट के क्रम में अपराधियो ने गोली मार दी। बताया जाता है कि बीते रात करीब नौ बजे स्वर्ण व्यापारी कुदुस अली डेहरी से पैसों का कलेक्शन कर अपने घर औरंगाबाद जाने के लिए डेहरी नगर परिषद बस स्टैंड पहुंचा था।

इसी दौरान बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी और उसके पास से गहनों से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। हालांकि व्यापारी खतरे से बाहर बताया जाता है तथा गोली उसके जांघ में लगी है। स्वर्ण व्यवसाई मूलतः पश्चिम बंगाल का रहने वाला है जो औरंगाबाद में किराए के मकान में रहकर सोने के आभूषण बनाता है।

वहीं दूसरी घटना जिला मुख्यालय सासाराम के मुफस्सिल थाना क्षेत्र से है। जहां अमरा तालाब में बीते रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। बताया जाता है कि मृतक विनोद साव अमरा तालाब नहौना पथ स्थित अपने मकान के समीप हीं खड़ा था। इसी दौरान अपराधियों ने उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। दशरथ साव के पुत्र विनोद साव को अज्ञात अपराधियों ने उसके कनपटी में गोली मारी है। जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि हत्या के कारणों का अबतक पता नहीं चल सका है। वहीं परिजनों का कहना है कि विनोद का किसी से किसी तरह का कोई विवाद नहीं था। गोली लगने से विनोद साव गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें डिहरी के जमुहार स्थित निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया था। लेकिन इलाज के दौरान हीं उनकी मौत हो गई। इधर घटना की पुष्टि करते हुए एसपी विनीत कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र में विगत रात्रि एक व्यक्ति की गोली लगने से मृत्यु की सूचना मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है तथा परिस्थितियों के संदेहजनक होने की संभावना से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि सासाराम अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप कुमार द्वारा घटनास्थल पर जाकर जांच पड़ताल किया गया है तथा पीड़ित परिवारों की तरफ से अबतक आवेदन नहीं दिया गया है।

Share This Article