ललन सिंह के क्षेत्र पहुंचे RCP सिंह, बोले-उनके साथ मेरा 36 का आंकड़ा बिल्कुल नहीं

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। पूर्व केंद्रीय मंत्री आरसीपी सिंह गुरुवार को मोकामा पहुंचे। जहां उन्होंने जदयू कार्यकर्ता की मां के श्राद्ध कार्यक्रम में शिरकत की। उनकी तस्वीर पर फूल चढ़ाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। कार्यकर्ताओं ने आरसीपी सिंह का जोरदार स्वागत किया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने बिहार का सीएम कैसा हो, आरसीपी सिंह जैसा हो के नारे लगाए।

इस दौरान सिंह ने जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह को लेकर कहा कि उनका ललन सिंह के साथ 36 का आंकड़ा बिल्कुल नहीं है। क्यों रहेगा ? ललन सिंह जब मोकामा से चुनाव लड़ रहे थे। तो हम यहां आते जाते रहते थे। उनकी और हमारी पहचान काफी पुरानी है। मेरा जदयू के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मधुर संबंध है। उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए ने चुनाव लड़ा। 43 सीटों पर जदयू को और 74 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली।

इसके अलावा हमारे अन्य सहयोगी को 8 सीटें मिली, तब सरकार का गठन किया गया। अभी नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए की मजबूत सरकार है। ये सरकार आगे भी चलेगी। बता दें कि आरसीपी सिंह ललन सिंह के संसदीय क्षेत्र स्थित मोकामा विधानसभा के घोसवरी पहुंचे, जहां उनका ना सिर्फ जोरदार स्वागत हुआ बल्कि उन्हें सीएम बनाने के समर्थन में नारे भी लगे। वहीं ललन सिंह जेडीयू अध्यक्ष हैं तो आरसीपी भी कार्यकर्ताओं के चहेते हैं।

Share This Article