लू की चपेट में बिहार,लगातार बढ़ती गर्मी करेगी नौ जिलों को त्रस्त

Patna Desk

News PR डेस्क। पटना समेत कई जिले लू की चपेट में हैं और अगले 48 घंटे में यही स्थिति लगातार बनी रहेगी। पटना समेत 9 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया गया है। इस बार गर्मी ज्यादा और जल्दी पड़ रही है। जिसका असर मार्च के तीसरे हफ्ते से ही दिखने लगा था और अब यह प्रचंड हो रहा है। मंगलवार को पटना का अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बिहार में सबसे अधिक गर्म बक्सर रहा। यहां दिन का तापमान 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसी प्रकार शेखपुरा, नवादा, डेहरी आदि जगहों पर भी तापमान अधिक रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक मैदानी भागों में हवा की गति कम होती है। जबकि पहाड़ी भागों में गति ज्यादा रहती है। यही वजह है कि मैदानी भागों की तुलना में पहाड़ी इलाकों में लू का प्रभाव ज्यादा महसूस किया जाता है। उदाहरण के लिए कैमूर से लेकर गया वाले इलाके में इसका असर मैदानी क्षेत्र से ज्यादा होता है। क्योंकि पहाड़ी इलाके में हवा उतरने के साथ काफी तेज होती है।

अलग-अलग जिलों के तापमान:
बक्सर- 43.9, गया- 40.9, डेहरी- 41.4, मोतिहारी- 40.5, शेखपुरा- 41.9, जमुई- 40.4, भोजपुर- 40.4, औरंगाबाद- 41.4,बांका- 41.1, और नवादा में 40.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
बता दें कि मौसम विभाग ने पहले ही ये चेतावनी दे दी थी कि इस बार देशभर में ज्यादा गर्मी पड़ेगी। लेकिन ज्यादा असर राजस्थान से होते हुए बिहार तक गर्मी प्रचंड रहेगी। इस बारे में इंडियन मेट्रोलॉजिकल सोसाइटी, पटना चैप्टर के प्रेसीडेंट और स्कूल ऑफ अर्थ बायलोजिकल साइंस, सीयूएसबी के डीन प्रोफेसर प्रधान पार्थ सारथी ने कहा कि राजस्थान से लेकर पश्चिमी यूपी और बिहार तक गर्मी का प्रकोप रहेगा। इसका प्रमुख कारण यह है कि अरब सागर और पाकिस्तान की ओर से जो गर्म हवा चलती है वह जब इन क्षेत्रों में प्रवेश करती है तो तापमान में वृद्धि होती है और इसी कारण लू का असर अब दिखने लगा है।

बताया जा रहा कि अभी कई जिलों में 40 डिग्री से अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। यह स्थिति अगले दो दिनों तक लगातार बने रहने की संभावना है। उन्होंने बताया कि यदि तीन चार दिनों तक यह स्थिति रही तो इस प्रकार के लक्षण को हीट वेव का ही असर कहा जाएगा। अधिकतम तापमान में परिवर्तन होने के आसार नहीं है। मौसम विभाग, पटना केन्द्र के मुताबिक बीते 24 घंटे के अंदर बिहार में मौसम शुष्क रहा और अगले 48 घंटे में परिवर्तन नहीं है।

 

Share This Article