केरल के 2 टीनएजर्स की नॉर्दर्न आयरलैंड में मौत, दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने गए थे, झील में डूबने से गई जान

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। ब्रिटेन के नॉर्दर्न आयरलैंड की एक झील में डूबने से दो भारतीय लड़कों की मौत हो गई। जोसेफ सेबेस्टियन और रूवेन साइमन केरल के रहने वाले थे। दोनों अपने 4 दोस्तों के साथ छुट्टियां मनाने लंदनडेरी शहर की ‘एनघ लॉफ’ झील गए थे। दोनों 16 साल के थे। हादसा 30 अगस्त को हुआ। नॉर्दर्न आयरलैंड के केरल एसोसिएशन ने दोनों किशोरों को श्रद्धांजलि दी। एसोसिएशन के स्पोक्सपर्सन ने कहा- हम एनघ लॉफ में हुई रूवेन साइमन और जोसेफ सेबेस्टियन की दर्दनाक मौत से दुखी हैं। इस मुश्किल समय में हमारी संवेदनाएं उनके परिवार वालों और दोस्तों के साथ हैं।

उत्तरी आयरलैंड पुलिस सेवा (PSNI) ने हादसे के संबंध में बयान जारी किया। इंस्पेक्टर ब्रोगन ने कहा- सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। हमने सर्च ऑपरेशन चलाया। दोनों लड़कों को झील से बाहर निकाला गया। एक की मौत हो चुकी थी। दूसरे की हालत नाजुक थी, उसे अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जोसेफ और रूवेन के एक दोस्त ने कहा- दोनों बेस्टफ्रेंड थे। सारे काम एक-साथ करते थे। साथ ही घूमने जाते थे। स्विमिंग करने भी साथ ही झील में उतरे थे। कुछ देर तक तो सब ठीक था लेकिन अचानक एक लड़का डूबने लगा, दूसरा उसकी मदद के लिए गया और दोनों ही डूब गए। हम सब डर गए हमने पुलिस को सूचना दी।

नॉर्दर्न आयरलैंड के MLA मार्क एच दुर्कानी ने बताया कि ऐसा हादसा 34 साल बाद हुआ है। इसके पहले भी एक लड़के की डूबने से मौत हुई थी। झील में पानी का लेवल ज्यादा नहीं पर कहीं-कहीं गहराई बहुत है। इसी वजह से हादसा हुआ।

Share This Article