बिहार पुलिस के लिए 50 ड्रोन खरीदे जाएंगे, 24.50 करोड़ रुपये स्वीकृत: सम्राट चौधरी

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बिहार सरकार ने पुलिस व्यवस्था को आधुनिक तकनीक से सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बताया कि राज्य में पुलिस आधुनिकीकरण योजना के तहत 50 ड्रोन की खरीद को स्वीकृति दी गई है, जिस पर लगभग 24.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि ड्रोन तकनीक को पुलिस व्यवस्था में शामिल करने से निगरानी क्षमता और त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था मजबूत होगी। इन आधुनिक ड्रोन उपकरणों का उपयोग भीड़ नियंत्रण, अपराध निगरानी अभियान, संवेदनशील इलाकों की निगरानी तथा आपदा प्रबंधन जैसे कार्यों में किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि कई ऐसे क्षेत्र होते हैं जहां सामान्य तरीकों से निगरानी करना कठिन होता है। ऐसे स्थानों पर ड्रोन के माध्यम से हवाई निगरानी संभव होगी और पुलिस को समय पर सटीक जानकारी मिल सकेगी, जिससे कार्रवाई अधिक प्रभावी और तेज होगी।

सम्राट चौधरी ने कहा कि बड़े आयोजनों, संवेदनशील क्षेत्रों और आपात स्थितियों में भी ड्रोन तकनीक पुलिस के लिए काफी उपयोगी साबित होगी। इसके माध्यम से अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रखने और संभावित खतरों की पहचान करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि नदी क्षेत्रों और दुर्गम इलाकों में ड्रोन से हवाई निगरानी कर वास्तविक समय में जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इससे पुलिस को समय पर आवश्यक कार्रवाई करने में सुविधा होगी।

उपमुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आवश्यकता पड़ने पर सीमा सुरक्षा बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल जैसे केंद्रीय सशस्त्र बलों के अनुभव और तकनीकी मानकों से भी मार्गदर्शन लिया जाएगा, ताकि बिहार पुलिस को सर्वोत्तम तकनीक उपलब्ध कराई जा सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य पुलिस बल को आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित करना है, जिससे कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

Share This Article