देवघर में एक साथ मरे 6 लोगों से इलाके में मचा कोहराम, अधिकारियों ने दिया सहायता का भरोसा

Sanjeev Shrivastava

रांची :  देवघर के देवीपुर मुख्य बाजार में उस वक्त चीखपुकार शुरू हो गई जब एक घर में नवनिर्मित सैप्टिक टैंक में गिरने के बाद दम घुटने से मकान मालिक सहित छह लोगों की मौत हो गई। इस घटना में मकान मालिक का भाई भी मौत होने की सूचना हैं। वहीं इस घटना में काम करने वाले चार मजदूरों की भी मौत हो गई हैं। मृतक मजदूरों में एक ही परिवार के तीन लोग पिता और दो पुत्र शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार देवीपुर प्रखंड बाजार के पास ब्रजेश चंद बरनवाल ने अपने घर में नया सैप्टिक टैंक का निर्माण कराया था। रविवार सुबह सेंट्रिंग को खोलने के लिए पहले एक मजदूर टंकी में उतरा। काफी देर बाहर नहीं आने के बाद दूसरा मजदूर भी टंकी में गया और वह भी वापस नहीं आया। इसके बाद एक-एक कर दो अन्य मजदूर भी अंदर गए। उनके भी बाहर नहीं आने पर इसकी जांच करने मकान मालिक और उसका भाई टंकी में उतर गए लेकिन कोई वापस नहीं आ पाया।

इसके बाद इसकी सूचना ग्रामीणों को हुई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने जेसीबी की मदद से टंकी को तोड़कर बेहोशी की हालत में फंसे सभी छह लोगों को बाहर निकाला। उन्हें एंबुलेंस से सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर उपायुक्त कमलेश्वर प्रसाद भी सदर अस्पताल पहुंचे और परिजनों, पुलिस अधिकारियों और डॉक्टरों से जानकारी प्राप्त की। डीसी ने घटना को दुखद बताते हुए मृतकों के परिवारों को सरकारी प्रावधान के अनुसार सहायता उपलब्ध कराने की बात कही।

Share This Article