NEWS PR डेस्क: पटना, 14 जुलाई। बिहार सरकार ने राज्य के सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में तकनीकी शिक्षा को सुदृढ़ बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने 10 सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों और बिहार इंजीनियरिंग विश्वविद्यालय (बीईयू) में कुल 76 प्राध्यापकों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। इन नियुक्तियों का उद्देश्य विशेष रूप से एमटेक पाठ्यक्रम की गुणवत्ता को बेहतर बनाना और छात्रों को अनुभवी शिक्षकों का लाभ उपलब्ध कराना है।
स्वीकृत पदों के अनुसार 9 प्रोफेसर, 29 एसोसिएट प्रोफेसर और 38 असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती की जाएगी। सभी नियुक्तियां अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (एआईसीटीई) के निर्धारित मानकों के अनुरूप होंगी।
सरकार ने वर्ष 2025-26 शैक्षणिक सत्र से सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेजों में सिविल इंजीनियरिंग विषय में एमटेक कोर्स की शुरुआत की है। ऐसे में योग्य और अनुभवी शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए यह भर्ती प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

अधिकारियों का मानना है कि लंबे समय से शिक्षकों की कमी से जूझ रहे इंजीनियरिंग संस्थानों को इस भर्ती से बड़ी राहत मिलेगी। इससे छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण और शोध गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
सरकार का कहना है कि तकनीकी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और उच्च शिक्षा को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। नई नियुक्तियों के बाद एमटेक के विद्यार्थियों को विशेषज्ञ फैकल्टी का मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई और शोध कार्य को नई दिशा मिलेगी।
