NEWS PR डेस्क:सुपौल: बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने और उनकी पढ़ाई में सहयोग देने के उद्देश्य से सुपौल के पिपरा प्रखंड में सामाजिक दायित्व के तहत निःशुल्क स्कूल बैग वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुपौल लोकसभा क्षेत्र के सांसद दिलेश्वर कामैत ने प्राथमिक विद्यालय फसिया और कन्या प्राथमिक विद्यालय बसुली में पहुंचकर स्कूली बच्चों के बीच बैग सहित शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय पहुंचने पर सांसद दिलेश्वर कामैत का शिक्षकों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पिपरा मणिकांत कुमार, विधायक प्रतिनिधि उपेंद्र मंडल, बिनोद कामैत, दीपक कामैत, उदियानंद विश्वास, दिनेश चंद्र विश्वास, अरविंद विश्वास, मुनींद्र झा समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
बच्चों को मिली बैग के साथ शैक्षणिक सामग्री
सांसद द्वारा बच्चों को सामाजिक दायित्व निधि (सांसद निधि) के तहत निःशुल्क स्कूल बैग, एक पेंसिल, रबर, पेंसिल कटर और दो कॉपियां उपलब्ध कराई गईं। इस पहल का उद्देश्य बच्चों को पढ़ाई के प्रति उत्साहित करना और उन्हें बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना है।
सांसद ने बच्चों को किया प्रेरित
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद दिलेश्वर कामैत ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और आने वाले समय में देश की जिम्मेदारी इन्हीं के कंधों पर होगी। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने और जीवन में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार के छात्र-छात्राएं प्रतिभाशाली हैं और विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि मेहनत और लगन के साथ पढ़ाई कर वे अपने परिवार, समाज और देश का नाम रोशन करें।
शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने की अपील
सांसद ने शिक्षकों से भी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा से ही बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं के अलावा अभिभावक महेंद्र कुमार, सुनील विश्वास, संजीत विश्वास, मदन मोहन शर्मा, संजय विश्वास, ओम ठाकुर, धनंजय कुमार, सत्यनारायण मंडल, प्रमोद ठाकुर सहित कई लोग उपस्थित रहे। सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट
