NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 26 जुलाई: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में नई बिहार सरकार के सफल एवं ऐतिहासिक 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को दरभंगा प्रेक्षागृह में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को सांस्कृतिक माध्यमों से आमजन तक पहुंचाना तथा स्थानीय प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम में किलकारी के बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, गीत, नृत्य और प्रेरणादायी कविता-पाठ से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से शिक्षा, संस्कृति, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया, जिसकी उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की।
इसके साथ ही कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक रोचक और प्रभावी अंदाज में पहुंचाई। नाटक के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा और जनकल्याण से जुड़े संदेशों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले किलकारी के बच्चों और कलाकारों को अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) सलीम अख्तर, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार ने मोमेंटो और मेडल देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता सलीम अख्तर ने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश पहुंचाने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी बच्चों, कलाकारों और आयोजन से जुड़े सहयोगियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का सफल संचालन जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशीष अमन ने किया। उन्होंने अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों का स्वागत करते हुए सभी प्रस्तुतियों का परिचय कराया तथा आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कलाकार, अभिभावक और संस्कृति प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे सभागार में उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।
