पश्चिम चंपारण के रामनगर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां आठ दिनों से लापता 13 वर्षीय छात्र सिद्धू खान का क्षत-विक्षत शव बरामद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जिस बच्चे की तलाश में परिजन दिन-रात परेशान थे, उसकी मौत की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद से मृतक के घर में मातम पसरा हुआ है, वहीं मामले को लेकर कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं।
दरअसल, पूरा मामला रामनगर थाना क्षेत्र का है। मृतक की पहचान मेघवल मठिया वार्ड संख्या-5 निवासी मो. अमानुल्ला खान के 13 वर्षीय पुत्र सिद्धू खान के रूप में हुई है। सिद्धू राजकीय मध्य विद्यालय, मठिया में छठी कक्षा का छात्र था।
जानकारी के मुताबिक, बीते 12 अक्टूबर को स्कूल की छुट्टी के समय करीब साढ़े तीन बजे सिद्धू किताब-कॉपी रखने के बाद लापता हो गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो पिता ने पुलिस से शिकायत की।
इसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। लेकिन आठ दिनों तक लापता छात्र का कोई पता नहीं चल सका। अब उसका क्षत-विक्षत शव बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस मामले की जांच में जुटी है। अनुसंधान की जिम्मेदारी एसआई शिवनाथ मांझी को सौंपी गई है। वहीं, शव बरामद होने के बाद एफएसएल की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही है।फिलहाल, सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर 13 वर्षीय सिद्धू खान की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके साथ क्या हुआ था। मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।