बिहार का एक ऐसा गांव जहां अपराधियों को खदेड़कर पकड़ने पर लगे पुलिस जिंदाबाद के नारे, लोगों ने ली सेल्फी

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार में एक ओर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं। आक्रोशित लोग अक्सर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी करते रहे है तो वहीं दूसरी ओर नालंदा में ग्रामीणों ने पुलिस  जिंदाबाद का नारा लगाया। ये  अपने आप में बहुत अद्भूत नजारा है। शुक्रवार की शाम वेना थाना की पुलिस को देखकर लोग जिंदाबाद का नारा लगाने लगे। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में गोलियों की तड़तड़ाहट से लोग बाहर नहीं निकल पा रहे थे लेकिन सूचना देने पर पुलिस गांव पहुंची और त्वरित कार्रवाई की। जिससे ग्रामीणों में काफी खुशी है।  इसको लेकर जाबांज थानेदार की हर तरफ चर्चा हो रही है।

दरअसल, वेना थाना क्षेत्र के पोराजित गांव में शुक्रवार की शाम दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। दोनों पक्ष के लोग गांव में अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। जिससे भगदड़ मच गई। घटना की सूचना के बाद थाना अध्यक्ष दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। फायरिंग के बीच पुलिस ने खदेड़ कर दो बदमाशों को हथियार-कारतूस के साथ पकड़ लिया। थानेदार की त्वरित कार्रवाई से खुश होकर ग्रामीण पुलिस जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। कुछ लोगों ने नारेबाजी की वीडियो भी वायरल किया। साथ ही लोगों ने पुलिस के साथ सेल्फी भी ली।

गिरफ्तार लोगों में बैजू यादव का पुत्र रविंदर यादव और गंगा विष्णु यादव का पुत्र सुखदेव यादव है। बदमाशों के पास से 2 कट्टा, 9 कारतूस, 6 खोखा बरामद हुआ। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि जालंधर यादव से दूसरे पक्ष का पंचायत चुनाव का विवाद चल रहा था। इसी कारण दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई। इसके बाद दोनों के समर्थक गोलीबारी करने लगे। फायरिंग से ग्रामीणों में भगदड़ मच गई। लोग गोली से बचने के लिए अपने-अपने घरों में दुबक गए। घटना की सूचना पाकर बेन थाना अध्यक्ष मुकेश कुमार श्रीवास्तव दलबल के साथ गांव पहुंच गए। फायरिंग के दौरान थानेदार ने खदेड़ कर दो बदमाशों को पकड़ लिया। पुलिस कार्रवाई से खुश होकर ग्रामीण जिंदाबाद के नारे लगाने लगें।लोग थानेदार के त्वरित कार्रवाई की प्रशंसा कर रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस कार्रवाई में देरी होती तो बदमाश फरार हो जाते।

थानाध्यक्ष ने बताया कि बदमाशों के पास से हथियार-कारतूस बरामद हुआ।पूछताछ के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।

 

Share This Article