NEWS PR डेस्क: दरभंगा, 05 अप्रैल। जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है और प्रशासन द्वारा इसकी सतत निगरानी की जा रही है। जिला पदाधिकारी कौशल कुमार के निर्देश पर आज 11 गैस एजेंसियों पर निगरानी की कार्रवाई की गई, जबकि 12 एजेंसियों का वरीय अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया।
जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने बताया कि आज जिले में कुल 10,680 एलपीजी सिलेंडरों का वितरण किया गया, जिसमें दरभंगा सदर में 8,617, बेनीपुर में 321 और बिरौल में 1,742 सिलेंडर शामिल हैं। वहीं, एजेंसियों के गोदामों में अभी 14,000 सिलेंडर उपलब्ध हैं, जिनका वितरण 06 अप्रैल को किए जाने की संभावना है।
प्रशासन ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया है कि वे उपभोक्ताओं तक होम डिलीवरी सुनिश्चित करें। साथ ही, जांच अधिकारियों को एजेंसियों में गैस भंडारण का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट देने और स्टॉक पंजी की जांच करने का निर्देश दिया गया है, ताकि वैध उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराई जा सके।
शिकायतों के निवारण के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी सक्रिय है। अब तक कुल 1,197 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से अधिकांश का समाधान कर दिया गया है। आज प्राप्त 52 शिकायतों में से 20 का निपटारा कर लिया गया है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है और बुकिंग के 1 से 2 दिनों के भीतर होम डिलीवरी की जा रही है। साथ ही, अफवाहों पर ध्यान न देने और अनावश्यक रूप से गैस का भंडारण न करने की अपील की गई है।
प्रशासन ने कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। इसके अलावा, पेट्रोल और डीजल की भी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित बताई गई है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने कहा है कि गैस वितरण व्यवस्था की लगातार और गहन निगरानी की जा रही है, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर आवश्यक सेवाएं मिलती रहें।