आखिर क्यों बिहार विधानसभा स्पीकर को कुछ नहीं समझती पुलिस, सदन में पुराने बवाल के बाद विजय सिन्हा ने फिर उठाए नीतीश शासन पर सवाल

Patna Desk

NEWSPR डेस्क। बिहार विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार सिन्हा ने एक बार फिर से बिहार पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाया है। उन्होंने पुलिस महकमे के कामकाज पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। दरअसल, विजय सिन्‍हा लखीसराय विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर गए थे। इस दौरान उन्‍होंने जिले के पिपरिया थाना क्षेत्र में हुई एक हत्या के मामले पर पुलिस के काम काज पर सवाल उठा दिया। उन्होंने कहा कि जिस पुलिसकर्मी की कार्यशैली पर सवाल उठाया गया था। उसे बिरुपुर से हटाकर पिपरिया भेज दिया गया। अब वहां भी हत्‍या हो रही है क्योंकि बेहतर काम करने वाले पुलिस की वहां नियुक्ति नहीं की गई है।

विजय सिन्‍हा ने कहा कि पुलिस महकमे के अच्छे पदाधिकारी को फील्ड में भेजा जाना चाहिए। लेकिन पुलिस विभाग में इसके उल्टा हो रहा है। विजय सिन्हा ने साफ तौर पर कहा कि उनके क्षेत्र में हत्‍याएं हो रहींं हैं। पुलिस महकमा संतोषजनक कार्रवाई करने में विफल है। उन्‍होंने कहा कि ऐसे में वे चुप नहीं रहेंगे। उन्‍होंने आगे कहा, इस मुद्दे पर विधानसभा कमिटी चुप नहीं रहेगी। उन्‍होंने अपने अधिकारियों, पुलिस महकमों के कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि वो इस मामले से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी अवगत कराएंगे।

विधानसभा अध्‍यक्ष विजय सिन्‍हा ने अपनी भड़ास निकालते हुए कहा कि अधिकारी जिले के ब्लॉक और थानों में जनता के मुद्दों पर ध्‍यान नहीं देते है। वो उनके समस्‍याओं को लेकर गंभीर नहीं हैं। विजय सिन्‍हा ने जिलाधिकारी और एसपी का नाम लेकर कहा कि उन्हें फील्ड में उतरकर इसे देखना चाहिए। भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए काम होना चाहिए। उन्‍होंने अपने विधानसभा क्षेत्र में ठीक से काम नहीं होने की बात कहते हुए ईमानदारी और पारदर्शिता पर भी सवाल उठाए। उन्‍होंने कहा‍ कि इलाके की जनता की समस्याओं का निदान नहीं होने से उन्‍हें निराशा है। उन्‍होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि वे 15 साल से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्हें सत्ता के साथ ही विपक्ष की भी भूमिका निभानी पड़ रही है। उन्‍होंने अपने ही अधिकारियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह काम विपक्ष का है कि सत्ता पक्ष की गलतियों को उजागर करे लेकिन सरकार को ही अपने अधिकारियों और उनकी कार्य प्रणाली पर सवाल उठाना पड़ रहा है।

बताते चलें कि बीते विधानसभा सत्र के दौरान उन्‍होंने लखीसराय का मुद्दा उठाया था। इसे लेकर नीतीश कुमार और उनके बीच तीखी बहस हुई थी। इसके बाद आसन की गरिमा पर भी सवाल उठे थे। उन्‍होंने कहा था कि लखीसराय में पुलिस की कार्यशैली की वजह से निर्दोष लोगों को जेल भेजा जा रहा है। इसे लेकर विधानसभा में भी खूब हंगामा हुआ था। अब एक बार फिर उन्‍होंने नीतीश कुमार के अधिकारियों और पुलिस पर सवाल उठाया है।

Share This Article