जदयू जॉइन करने के बाद निशांत ने पिता नीतीश कुमार से की मुलाकात, पहली तस्वीर आई सामने

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: बिहार की राजनीति में रविवार को एक अहम बदलाव देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने सक्रिय राजनीति में कदम रखते हुए जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की सदस्यता ग्रहण कर ली। लंबे समय तक राजनीति और परिवारवाद से दूरी बनाए रखने वाले निशांत कुमार के इस फैसले को राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है।

पार्टी में आधिकारिक रूप से शामिल होने के बाद निशांत कुमार अपने पिता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उन्हें मिठाई खिलाकर आशीर्वाद लिया। पिता-पुत्र की इस मुलाकात की तस्वीर भी सामने आई है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा का विषय बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि जदयू में शामिल होने के साथ ही निशांत कुमार अब सक्रिय रूप से पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों में भाग लेंगे। अब तक वह सार्वजनिक और राजनीतिक गतिविधियों से काफी हद तक दूर रहे थे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि निशांत कुमार के राजनीति में आने से जदयू की आगामी रणनीति और संगठनात्मक गतिविधियों में नया आयाम जुड़ सकता है। वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लंबे समय से परिवारवाद से दूरी बनाए रखने के लिए जाने जाते रहे हैं, ऐसे में उनके बेटे का राजनीति में प्रवेश कई मायनों में अहम माना जा रहा है।

फिलहाल जदयू की ओर से निशांत कुमार की आगे की भूमिका को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि आने वाले समय में वह पार्टी संगठन में सक्रिय भूमिका निभा सकते हैं।

Share This Article