NEWS PR डेस्क: गया | शहर के चर्चित बिल्डर और तेज टावर के डायरेक्टर विकास कुमार ने 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में पुलिस से अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाई है। बिल्डर का दावा है कि पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी फुटेज पुलिस को सौंप दी गई है।

कार्यालय में घुसकर रंगदारी मांगने का आरोप
विकास कुमार के अनुसार, 3 जुलाई को गोरिया मठ के समीप स्थित उनके धर्मसभा गली कार्यालय में अमित कुमार, उसके भाई सुमित कुमार और कुछ अन्य लोग पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने हथियार दिखाकर गाली-गलौज की और 50 लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।
बिल्डर का आरोप है कि आरोपियों ने कहा कि यदि वे 50 लाख रुपये दे देंगे तो उनकी “सुरक्षा” की जिम्मेदारी वे लेंगे। इस दौरान आरोपियों के साथ मौजूद एक महिला ने भी कथित तौर पर पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
लगातार जान से मारने की धमकी मिलने का दावा
विकास कुमार का कहना है कि 13 जुलाई 2026 को भी उन्हें पूरे दिन फोन पर जान से मारने की धमकियां दी गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार मिल रही धमकियों के कारण उनका परिवार भय के माहौल में जी रहा है।
आरोपियों पर पहले से मामले दर्ज होने का दावा
बिल्डर ने दावा किया है कि अमित कुमार और सुमित कुमार के खिलाफ सिविल लाइंस और कोतवाली थाना में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों पर मारपीट, धोखाधड़ी और लोगों से पैसे हड़पने जैसे मामलों में भी केस दर्ज हैं।
पुलिस को सौंपा CCTV फुटेज
विकास कुमार ने बताया कि कार्यालय में हुई पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। उन्होंने संबंधित फुटेज और अन्य साक्ष्य पुलिस प्रशासन को उपलब्ध करा दिए हैं। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अपने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। गया से आशिष कुमार की रिपोर्ट
