मैट्रिक परीक्षा में अंबेडकर आवासीय विद्यालयों का शानदार प्रदर्शन, 95.40% छात्र हुए सफल

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना, 30 मार्च 2026। बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा 2026 में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के तहत संचालित डॉ. भीमराव अंबेडकर आवासीय विद्यालयों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य में अपनी अलग पहचान बनाई है। इन विद्यालयों का कुल परिणाम 95.40 प्रतिशत रहा, जो बिहार बोर्ड के औसत 81.79 प्रतिशत से काफी अधिक है।

इस वर्ष कुल 1892 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 1805 सफल रहे। परिणाम के अनुसार 923 विद्यार्थियों (48.78%) ने प्रथम श्रेणी, 667 (35.25%) ने द्वितीय श्रेणी और 215 (11.36%) ने तृतीय श्रेणी में सफलता हासिल की। यह प्रदर्शन विद्यार्थियों की मेहनत और विद्यालयों की मजबूत शैक्षणिक व्यवस्था को दर्शाता है।

राज्य के 72 आवासीय विद्यालयों में से 31 ने शत-प्रतिशत सफलता दर हासिल की, जबकि एक विद्यालय ने 100 प्रतिशत प्रथम श्रेणी परिणाम दर्ज कर विशेष उपलब्धि प्राप्त की है। पटना जिले के पुनपुन स्थित विद्यालय के एक छात्र/छात्रा ने 95.80 प्रतिशत अंक हासिल कर विभागीय स्तर पर शीर्ष स्थान प्राप्त किया।

इस उपलब्धि पर विभाग के मंत्री लखेंद्र कुमार रौशन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का परिणाम है। उन्होंने इसे अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के शैक्षणिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सभी सफल छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही, विभाग ने भविष्य में भी बेहतर संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।

Share This Article