अमित शाह का तीन दिवसीय बिहार दौरा, सीमांचल में भारत-नेपाल सीमा और घुसपैठ की करेंगे समीक्षा

Asha Rai

NEWS PR डेस्क: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इस सप्ताह बिहार के सीमांचल क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। 25 से 27 फरवरी तक प्रस्तावित इस दौरे में वे पूर्णिया, किशनगंज और अररिया जिलों का भ्रमण कर सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था, घुसपैठ की स्थिति और भारत-नेपाल सीमा से जुड़े मुद्दों की उच्चस्तरीय समीक्षा करेंगे।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, गृह मंत्री 25 फरवरी को शाम 4 बजे पूर्णिया पहुंचेंगे और वहां से हेलिकॉप्टर के माध्यम से किशनगंज रवाना होंगे। किशनगंज समाहरणालय में लगभग दो घंटे तक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। उनका रात्रि विश्राम भी किशनगंज में ही निर्धारित है।

26 फरवरी को वे अररिया पहुंचकर सुबह 11 बजे सीमा चौकी लेटी के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद समाहरणालय में सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षकों (एसपी) के साथ बैठक कर भारत-नेपाल सीमा से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करेंगे। बैठक के बाद ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। शाम को वे पूर्णिया लौटेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे।

27 फरवरी को पूर्णिया में सीमावर्ती जिलों के अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक के उपरांत गृह मंत्री दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे। यह पहली बार होगा जब केंद्रीय गृह मंत्री सीमांचल क्षेत्र में लगातार तीन दिनों तक प्रवास करेंगे।

सीमांचल क्षेत्र नेपाल और बांग्लादेश की सीमाओं से सटा हुआ है और ‘चिकन नेक’ कॉरिडोर के निकट स्थित होने के कारण सामरिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जाता है। बदलती जनसांख्यिकी और घुसपैठ के मुद्दों को लेकर भी यह क्षेत्र समय-समय पर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा है।

गृह मंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई है। हवाई अड्डे से कार्यक्रम स्थल तक प्रत्येक 100 मीटर पर पुलिस बल की तैनाती की योजना बनाई गई है। दौरे के दौरान सीमावर्ती और आंतरिक सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

Share This Article