सुशांत राजपूत आत्महत्या मामला: पुलिस इन बिंदुओं पर रही है जांच

Sanjeev Shrivastava

पटना डेस्क

मुंबई: एक्टर सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में अब पुलिस उनके दोस्तों से पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। पुलिस अब इस मामले में सुशांत के दोस्त महेश शेट्टी और रिया चक्रवर्ती का बयान दर्ज करेगी। अपनी मौत से ठीक एक रात पहले सुशांत ने रिया को कॉल किया था, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया था। पुलिस की जांच का दायरा सुशांत सिंह राजपूत के निजी संबंधों और करीबी दोस्तों के इर्द-गिर्द है। बता दें कि सुशांत के मैनेजर को सुशांत के फोन का पासवर्ड पता था। फोन खुलने पर आखिरी कॉल रात तीन बजे की है। सुशांत ने अपने दोस्त महेश शेट्टी को कॉल किया था, लेकिन वह कॉल नहीं उठा पाए थे। इसके बाद जब महेश ने 12 बजे दोपहर को कॉल किया पर सुशांत ने फोन नहीं उठाया क्योंकि तब तक सुशांत की मौत हो चुकी थी।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ समय पहले सुशांत की उनके पिता से फोन पर बात हुई थी, जिसमें पिता के आग्रह पर सुशांत ने नवंबर में शादी करने की बात मान भी ली थी। सुशांत की करीबी दोस्तों ने मुंबई पुलिस को बताया है कि सुशांत जिससे शादी करने वाला था, उससे उसके रिश्ते ठीक नहीं चल रहे थे। सुशांत के करीबी दोस्तों के मुताबिक, सुंशात और उसकी मंगेतर की शादी होने वाली थी। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों से उन दोनों का झगड़ा चल रहा था। जानकारी यह भी है कि लॉकडाउन में सुशांत की मंगेतर उनके घर पर थीं, बाद में सहेली के यहां शिफ्ट हो गईं। खबर यह भी है कि सुशांत की मंगेतर उनसे बातचीत नहीं कर रही थीं। कॉल रिकॉर्ड के मुताबिक, सुशांत ने अपनी मंगेतर को फोन किया था और वह फोन नहीं उठा रही थीं। इसके बाद उन्होंने अपने कॉमन फ्रेंड महेश को फोन किया था, लेकिन तब उन्होंने भी फोन नहीं उठाया था। सुशांत सिंह राजपूत का बैंक डिटेल मुंबई पुलिस के हाथ लगी है और हाल के ट्रांजैक्शन में कोई बड़ा नुकसान बैंक स्टेटमेंट में नहीं दिखा है।

बताया जा रहा है कि सुशांत का पांच महीने से डिप्रेशन का इलाज चल रहा था। सुशांत की बहन ने पांच दिन पहले फोन पर उनसे बात की थी। सुशांत ने बताया था कि तबीयत ठीक नहीं है। इसके बाद सुशांत की बहन, बांद्रा के घर आईं और दो दिन रही भी। दोस्तों ने बताया कि सुशांत ने डिप्रेशन की दवाई खानी बंद कर दी थी। दोस्त और कुक ने बताया है कि सुशांत का व्यवहार असामान्य था यानी वह सीरियस डिप्रेशन में थे। खबर है कि सोमवार शाम चार बजे पवन हंस में उनका अंतिम संस्कार मुंबई में किया जाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए मुंबई पुलिस श्मशान घाट में सुरक्षा के बंदोबस्त में जुट गई है।

Share This Article