BIG-BREAKING भीषण सड़क हादसों में दो महिलाओं समेत 5 की मौत, 9 घायल, 6 की हालत गंभीर

Sanjeev Shrivastava

NEWSPR डेस्क। बांका जिले में सड़क सुरक्षा माह के दौरान भी रोड एक्सीडेंट की घटनाओं में कोई कमी नहीं आई है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में रोज छोटी बड़ी सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं जिनमें लगातार लोगों की जानें जा रही हैं। भीषण सड़क हादसों की ताजा घटनाओं में बांका जिले में सेल्फ हेल्प ग्रुप की दो महिलाओं समेत 5 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक बच्चा भी शामिल है।

जिले के पंजवारा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाराहाट- गोड्डा मुख्य मार्ग पर बुधवार की देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इस हादसे में 8 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों में से 5 को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर कर दिया गया है। मृतकों की पहचान खुशबू देवी और पुतुल देवी के रूप में की गई है जो धोरैया प्रखंड के पुरैनिया गांव की रहने वाली बताई गई हैं।

यह हादसा पंजवारा थाना क्षेत्र में पड़ने वाले रकौली गांव के समीप हुआ। सभी महिलाएं एक ऑटो पर सवार थीं। घटनास्थल के करीब सड़क पर एक बड़ा गड्ढा था जिसे घने कोहरे के कारण चालक देख नहीं पाया और संतुलन बिगड़ने से ऑटो बुरी तरह दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। पुलिस ने सभी घायलों को बाराहाट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां प्रारंभिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल 5 महिलाओं को भागलपुर रेफर कर दिया गया। बताया गया कि सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह की थी जो बांका स्थित बंधन बैंक से रुपए निकाल कर वापस अपने गांव लौट रही थीं।

इससे पहले भागलपुर- दुमका रोड में जिले के बौंसी मुख्य बाजार स्थित चौक पर एक ट्रक की चपेट में आने से दो जाने चली गईं। मरने वालों में 20 वर्षीय नूरजहां खातून एवं 3 वर्षीय मोहम्मद दानिश शामिल थे। दानिश शेख मुमताज का पुत्र था जो गोड्डा जिला अंतर्गत पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के मुचेहरा गांव का रहने वाला बताया गया है।

वे बाइक पर सवार थे और काजी कैरी शरीफ में आयोजित सालाना उर्स में भाग लेने जा रहे थे। इस हादसे में नूरजहां की मां बीवी अंगूरी भी गंभीर रूप से घायल हो गई जिसका इलाज चल रहा है। इस हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने घटनास्थल पर सड़क जाम भी किया जो काफी देर तक चला। फलस्वरुप सड़क पर आवाजाही ठप रही।

एक अन्य घटना में चांदन थाना क्षेत्र के गौरीपुर पंचायत अंतर्गत बघवा पहाड़ के समीप बाइक के धक्के से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को कटोरिया- चांदन मार्ग को जाम कर दिया। जाम करीब 3 घंटे तक चला जिससे इस होकर वाहनों की आवाजाही ठप रही। मृतक का नाम बलदेव दास बताया गया है जो कुसुमजोरी पंचायत के बर्दवारी गांव का रहने वाला मजदूर था। घटना के दिन वह साइकिल से अपने गांव लौट रहा था, जब यह हादसा हुआ।

Share This Article