बिहार के सिमरिया धाम को पर्यटन के रूप में विकसित करने के लिए बनेगी योजना, यहां गंगा पर्यटन एवं टूरिज्म उद्योग की असीम संभावना- उपमुख्यमंत्री

NEWSPR डेस्क। बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने शुक्रवार को मुख्य सचिवालय के सभागार में महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह भी मौजूद रहे। उपमुख्यमंत्री ने बेगूसराय के सिमरिया धाम के समेकित विकास और पर्यटकीय स्थल के रूप में विकसित करने की व्यापक कार्य योजना को लेकर यह बैठक की। इस दौरान उन्होंने इससे संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया।

इस बैठक को संबोधित करते हुए बिहार के उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि सिमरिया घाट की आध्यात्मिक एवं धार्मिक पृष्ठभूमि रही है। सिमरिया धाम बिहार में धार्मिक पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां गंगा पर्यटन एवं टूरिज्म उद्योग असीम संभावनाएं हैं। राष्ट्रीय फलक पर पर्यटन के दृष्टिकोण से इसे स्थापित करने के लिए समग्र व्यापक कार्य योजना बनाने पर विचार किया जाएगा। इसके साथ ही जल्द से जल्द राजस्व, पर्यटन और नगर विकास एवं आवास विभाग की संयुक्त बैठक का आयोजन कर अंतर्विभागीय समन्वय के साथ इसका एक ब्लूप्रिंट तैयार कर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दिया जाएगा। जिसके बाद इसके क्रियान्वयन पर निर्णय होगा।

इस बैठक में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री रामसूरत राय, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव आनंद किशोर, बुडको के प्रबंध निदेशक रमण कुमार, बेगूसराय के जिलाधिकारी अरविंद कुमार वर्मा, बेगूसराय जिला अंतर्गत सभी विधानसभा क्षेत्रों के विधायकगण के साथ पर्यटन, राजस्व और नगर विकास एवं आवास विभाग के वरीय पदाधिकारी, अभियंतागण उपस्थित थे।

BIHAR DEPUTY CMbihar newsbihar todays newsCENTRAL MINISTER GIRIRAJ SINGHdeputy cm tarkishore prasadNewspr livesimaria dham bihar