डाक्टर का पकड़ुआ विवाह, घर से इलाज करने निकले थे, जबरन दिलाए सात फेरे

NEWSPR डेस्क। बेगूसराय में ग्रामीण पशु चिकित्सक के पकड़ुआ विवाह किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। इस संबंध में तेघड़ा थाना क्षेत्र की पिढौली वार्ड संख्या नौ निवासी सुबोध कुमार झा ने तेघड़ा थाना में अपने पुत्र सत्यम कुमार का अपहरण कर शादी किए जाने संबंधी आवेदन देकर बरामदगी की गुहार लगाई है। पुलिस को दिए आवेदन में कहा गया है कि उनके पुत्र ग्रामीण पशु चिकित्सक हैं और वह 13 जून की दोपहर घर से निकला थे। देर तक घर नहीं लौटने पर जब खोजबीन की गई तो, तेघड़ा वार्ड एक स्थित हसनपुर निवासी विजय कुमार सिंह की पुत्री से जबरन शादी किए जाने की जानकारी हुई। विवाह के नीयत से पुत्र का अपहरण की शिकायत पर तेघड़ा पुलिस ने हसनपुर स्थित विजय कुमार सिंह के घर दबिश दी और लड़का, लड़की के नहीं मिलने पर पुलिस ने उनके भाई राजकुमार सिंह उर्फ फोनी को हिरासत में लिया है।

स्थानीय ग्रामीण इसे प्रेम प्रसंग का मामला मान रहे हैं। ग्रामीणों की मानें तो गाय का इलाज करने के क्रम में विजय सिंह की लड़की मौसम के ग्रामीण पशु चिकित्सक को प्यार हो गया। मौसम इंटर की छात्रा है और स्वजनों ने उसके विवाह की पूरी तैयारी की थी। शादी के एक दिन पूर्व सत्यानारायण भगवान की पूजा का आयोजन किया गया था। ग्रामीणों को शादी किए जाने की जानकारी दी गई लेकिन दूल्हा के संबंध में कुछ नहीं बताया गया था। घर पर शादी का मड़वा, पंडाल और जेनरेटर की भी व्यवस्था की गई थी।

इसी बीच लड़की पक्ष के द्वारा शादी का एक वीडियो भी वायरल किया गया, इसमें ग्रामीण पशु चिकित्सक को शादी करते हुए दिखाया गया है। इस वीडियो में सत्यम के साथ एक लड़की बैठी हुई है और पंडित मंत्र पढ़ा रहे हैं। आस-पास लोगों की भीड़ थी और शादी की रस्में निभाई जा रही थीं। इससे जाहिर होता है यह अपहरण का मामला नहीं है। लड़की वालों ने सुबह में सत्यम की मां के मोबाइल पर वीडियो भेजा, इसमें शादी का वीडियो था। तेघड़ा थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि पुलिस प्रेम प्रसंग मानकर मामले की जांच कर रही है। यह शादी गढ़पुरा थाना क्षेत्र के मोरतर गांव में हुई है, जहां लड़की की मौसी का घर है। वहीं यह शादी कराई गई है। स्वजनों ने अपहरण का आरोप लगाया है। वहीं लड़का और लड़की को शादी के बाद घर वालों ने वहां से हटा दिया है। लड़का और लड़की के सामने आने के बाद मामला स्पष्ट हो पाएगा।

BEGUSARAI DOCTORBEGUSARAI NEWSBEGUSARAI POLICEbihar newsBIHAR POLICEDoctor's caught marriagehad come out of the house for treatment