रोहतास में आपसी विवाद ने लिया हिंसक रूप, दोनों ओर से फायरिंग में 8 लोग जख्मी

खबर रोहतास जिला के दावथ थाना क्षेत्र से है। यहां बोधाढी मठिया गांव में आपसी विवाद को लेकर जमकर फायरिंग हुई। फायरिंग में छर्रा की गोली लगने से 8 लोग जख्मी हो गए हैं। बोधाढी मठिया में रामाधार सिंह यादव के घर में चोरी हो गई थी, जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन के लिए आई थी। बाद में दूसरे पक्ष के लोगों को ऐसा शक हुआ कि रामाधार यादव ने चोरी का शक उन्हीं लोगों पर लगाया है, जिसके बाद दोनों पक्ष में विवाद हो गया। देखते ही देखते फायरिंग शुरू हो गई। फायरिंग में एक पक्ष के 6 लोग घायल हो गए। वहीं दूसरे पक्ष के 2 लोगों को भी छर्रा की गोली लगी है। घायलों में कमलेश सिंह, साधू सिंह, अभय सिंह, अनिल सिंह आदि घायल हैं। सभी को इलाज के लिए दावथ के सीएससी लाया गया। बता दें कि एक साल पूर्व भी दोनों पक्ष में आपसी विवाद को लेकर फायरिंग हुई थी। उस मामले में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं हो सकी थी। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है, पुलिस मौके पर पहुंचकर कैंप कर रही है।

bihar newsBIHAR NEWS IN HINDIcrime in biharcrime in rohtasrohtas news