राज्यसभा चुनाव के बीच विधानसभा सचिव ख्याति सिंह का तबादला, पटना हाईकोर्ट में OSD बनीं

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: पटना। बिहार में राज्यसभा चुनाव के बीच बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। बिहार विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह का तबादला पटना हाईकोर्ट में कर दिया गया है। मतदान से ठीक एक दिन पहले जारी हुए इस आदेश ने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है।

ख्याति सिंह विधानसभा सचिव होने के साथ-साथ राज्यसभा चुनाव के लिए मुख्य रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी भी संभाल रही थीं। ऐसे में चुनाव प्रक्रिया के बीच उनके स्थानांतरण को असामान्य माना जा रहा है। एक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में उन पर नामांकन से लेकर मतगणना तक पूरी चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी थी।

बिहार विधानसभा में राज्यसभा चुनाव के लिए सुबह 9 बजे से मतदान शुरू हो चुका है। इसी दौरान सचिव पद से ख्याति सिंह को हटाए जाने से सियासी अटकलों का दौर भी शुरू हो गया है। एनडीए और महागठबंधन के बीच कड़ी टक्कर के बीच यह प्रशासनिक बदलाव विपक्षी दलों के बीच सवाल खड़े कर रहा है।

जारी आदेश के अनुसार ख्याति सिंह को अब पटना उच्च न्यायालय में ऑफिसर ऑन स्पेशल ड्यूटी (OSD) के पद पर तैनात किया गया है। उनके स्थान पर विधानसभा सचिव की जिम्मेदारी कौन संभालेगा और चुनाव की आगे की प्रक्रिया मतगणना और परिणाम की घोषणा किसके नेतृत्व में पूरी होगी, इसे लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।

हालांकि प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा हो सकता है, लेकिन चुनाव के बीच में इस निर्णय की टाइमिंग को लेकर कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

ख्याति सिंह का जन्म 10 जुलाई 1974 को हुआ था। उन्होंने बीए, एलएलबी और पीजीडीएलपीएम की पढ़ाई की है। बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) के 26वें बैच के माध्यम से चयनित होने के बाद उन्होंने 9 अक्टूबर 2007 को न्यायिक मजिस्ट्रेट के रूप में सेवा की शुरुआत की थी।

अपने करियर के दौरान वे पटना, समस्तीपुर, मोतिहारी, नवादा और शेखपुरा सहित कई जिलों में न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, सब जज और अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुकी हैं। उन्होंने भोपाल स्थित राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी से विशेष प्रशिक्षण भी प्राप्त किया है और विशेष उत्पाद शुल्क न्यायालय में पीठासीन अधिकारी के रूप में भी कार्य किया है।

न्यायिक सेवा के अलावा उन्होंने बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग में विधि अधिकारी के रूप में भी काम किया। बाद में वे बिहार विधानसभा में प्रभारी सचिव के पद पर तैनात थीं, जहां से अब उनका तबादला पटना हाईकोर्ट में OSD के रूप में कर दिया गया है।

Share This Article