औरंगाबाद में पंचायत चुनाव में हेराफेरी ! जिला प्रशासन पर पक्षपात करते हुए हारे हुए प्रत्याशी को जीताने का आरोप

Patna Desk

NEWSPR  डेस्क। औरंगाबाद देव प्रखंड के बेढ़नी पंचायत में पंचायत समिति के पद पर कांति देवी की जीत का विरोध उनके प्रतिद्वंदी रही शारदा देवी के परिजनों ने किया है और गड़बड़ी की आशंका जताते हुए जिला प्रशासन पर पक्षपात करने का आरोप लगाया है।इस मामले को शारदा देवी के परिजनों ने न्यायालय में ले जाने की बात कही है। मतगणना प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए शारदा देवी के पति अनिल पासवान ने बताया कि बेढ़नी पंचायत की जनता ने उन्हें पंचायत समिति के पद से जीत का ताज पहना दिया था। लेकिन मतगणना में गड़बड़ी कर उन्हें हराया गया। मतगड़ना के दौरान गड़बड़ी किये जाने की सूचना वरीय पदाधिकारियों को भी दी गई। लेकिन कहीं कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब न्याय के लिए न्यायालय ही अंतिम विकल्प है।

अनिल ने बताया कि उनकी पत्नी शारदा देवी को इस चुनाव में 1404 मत प्राप्त हुए थे। जबकि कांति देवी जिसके जीत की घोषणा की गई उसे मात्र 1377 मत मिले थे परंतु गड़बड़ी कर शारदा देवी के प्राप्त मत 1404 को 1440 बना दिया गया और उसे कांति देवी का प्राप्त मत बताकर जीत की घोषणा कर दी गई। इधर इस मामले में उप निर्वाचन पदाधिकारी जावेद इकबाल ने बताया कि मतगणना की प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी हुई है कही से किसी भी प्रकार की कोई गड़बड़ी होने का प्रश्न नही है।फिर भी अनिल पासवान के द्वारा लगाए गए आरोप एवं एक बूथ के दुबारा काउंटिंग किये जाने की बात की पुनः जांच भी की गई। लेकिन कहीं भी उनके शिकायत में दम नही था। उनके द्वारा लगाए गए आरोप बेबुनियाद और निराधार है।

Share This Article