फारबिसगंज: अग्निशमन सेवा सप्ताह के अवसर पर अनुमंडल अग्निशमालय फारबिसगंज द्वारा शहर में एक व्यापक जन-जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस पहल का उद्देश्य आम नागरिकों को आग से बचाव, सतर्कता और आपातकालीन स्थिति में सही प्रतिक्रिया के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम के अंतर्गत पाठशाला पब्लिक स्कूल एवं शिशु मंदिर स्कूल के सहयोग से शहरी क्षेत्रों में पिन फ्लैग, बैनर-पोस्टर के माध्यम से संदेश फैलाया गया। साथ ही विद्यार्थियों और अग्निशमन कर्मियों द्वारा प्रभात फेरी निकालकर लोगों को जागरूक किया गया, जिसमें स्थानीय नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीके
इस दौरान चिन्हित संस्थानों में मॉक ड्रिल आयोजित की गई, जिसमें आग लगने की स्थिति में बचाव के तरीके, प्राथमिक प्रतिक्रिया और सुरक्षित निकासी (Evacuation) की जानकारी दी गई। बच्चों और आम जनता को व्यावहारिक रूप से प्रशिक्षित कर आपदा के समय घबराने के बजाय सजग रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी दीनानाथ प्रसाद, सब ऑफिसर मो. वकील आलम, प्रधान अग्निक फिरदौस अहमद, फायरमैन विक्रम कुमार, टीपू खान और विजेन्द्र कुमार सहित अन्य अग्निशमन कर्मी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दें। उन्होंने यह भी बताया कि थोड़ी सी सतर्कता बड़े हादसों को टाल सकती है।