विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के कारण बंद पड़े आवागमन को लेकर लाखों लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सेतु के क्षतिग्रस्त हिस्से पर सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा चार स्थानों पर बेली ब्रिज का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। कई चरणों में सफल ट्रायल के बाद अब 7 जून से सेतु पर वाहनों का परिचालन फिर से शुरू किया जाएगा।

भागलपुर के जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने बताया कि 7 जून को सुबह 11 बजे से विक्रमशिला सेतु पर वाहनों के आवागमन की अनुमति दे दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बेली ब्रिज के माध्यम से अधिकतम 10 टन क्षमता तक के वाहनों का परिचालन संभव होगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
डीएम ने बताया कि स्थापित बेली ब्रिज वन-वे व्यवस्था पर आधारित है। ऐसे में यातायात को सुचारू बनाए रखने तथा जाम की समस्या से बचने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया गया है। आवागमन के दौरान पर्याप्त संख्या में पुलिस और प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने कहा कि सुरक्षा और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर व्यापक व्यवस्था की गई है। बेली ब्रिज पर तीन शिफ्टों में पुलिस बल की तैनाती रहेगी और पुलिसकर्मी 24 घंटे निगरानी कर वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करेंगे।
गौरतलब है कि विक्रमशिला सेतु का एक स्लैब क्षतिग्रस्त होने के बाद इस महत्वपूर्ण मार्ग पर वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया था। इसके कारण भागलपुर, कोसी और सीमांचल क्षेत्र के हजारों यात्रियों, व्यापारियों और आम लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा था, जिससे समय और संसाधनों दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही थी।
अब बेली ब्रिज के जरिए आवागमन बहाल होने से क्षेत्र के लोगों को राहत मिलने के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों और दैनिक आवागमन में भी तेजी आने की उम्मीद है। प्रशासन ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार यात्रा करने की अपील की है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट